Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 479 -
होम ब्लॉग पेज 479

चित्रकूट में भाजपा सांसद आरके पटेल समेत 19 को सजा

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले की एक अदालत ने 13 साल पुराने एक मामले में भारतीय जनता पार्टी सांसद आरके पटेल समेत 16 लोगों को एक साल की तथा तीन को एक महीने की सजा सुनाई है। इसके अलावा एक अभियुक्त की मृत्यु हो चुकी है।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने बहुजन समाज पार्टी सरकार के कार्यकाल में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव और ट्रेन रोकने के मामले मे 20 लोगों पर दोष सिद्ध करते हुए बांदा चित्रकूट के सांसद आरके पटेल और दस्यु सम्राट ददुआ के बेटे पूर्व विधायक वीर सिंह समेत 16 लोगों को एक एक वर्ष की सजा सुनाई है। बीस में से एक अभियुक्त राज बहादुर यादव की मौत हो चुकी है जबकि महेंद्र गुलाटी, गुलाब और राजेंद्र शुक्ला को एक-एक माह की सजा सुनाई गई है।

अभियोजन पक्ष के वकील ने बताया कि 16 सितम्बर 2009 में बसपा सरकार में सपाइयों ने सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था। पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। एक आरोपी पूर्व सपा जिलाध्यक्ष की मौत हो चुकी है। मौजूदा भाजपा सांसद आरके पटेल और मौजूदा भाजपा नगर पालिका चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता समेत छह आरोपी पूर्व में समाजवादी पार्टी में थे।

उदयपुर : युवक ने पत्नी एवं 4 बच्चों की हत्या कर की सुसाइड

उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में झाडोली गांव में एक युवक के अपने चार बच्चों और पत्नी की हत्या करने के बाद स्वयं ने भी आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार झाडोली गांव की गोल नेडी ढ़ाणी निवासी प्रकाश गमेती, उसकी पत्नी दुर्गा एवं उनके बच्चे गणेश (पांच वर्ष) पुष्कर (चार वर्ष) रोशन (दो वर्ष) और चार महीने के गंगाराम के शव मकान के अंदर मिले हैं। घटना की सूचना पर थानाधिकारी गोपाल व्यास, तहसीलदार रविन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पड़ोसियों ने सुबह प्रकाश के घर के आंगन में कोई हलचल नहीं देख घर के अंदर जाकर देखा तो प्रकाश और दो बच्चों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए थे वहीं उसकी पत्नी दुर्गा और दो बच्चों के शव जमीन पर पडे थे। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

बताया जा रहा है कि प्रकाश खाना बनाने का काम करता था लेकिन पिछले चार-पांच महीने से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस मामले में जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।

बड़वानी : जादू टोने की आशंका में सुपारी देकर महिला की हत्या, 4 अरेस्ट

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में जादू टोने की आशंका में तीन लाख रुपए की सुपारी देकर एक महिला की हत्या करने के मामले में पूर्व सरपंच समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि आरोपियों ने सुपारी लेकर किसी दूसरी महिला की हत्या कर दी थी।

उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि बूटी बाई की हत्या के मामले में आज बड़गांव के पूर्व सरपंच कुमार डूडवे और उसके तीन नौकर सुनील, रवि और दीपक को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि दरअसल पूर्व सरपंच कुमार डूडवे को शंका थी 2 वर्ष पूर्व उसकी पुत्री द्वारा आग लगाकर आत्महत्या कर लेने के पीछे उसकी सहेली बानू बाई का हाथ है। कुमार को लगता था कि बानू बाई के जादू टोने के चलते उसकी पुत्री बीमार रहती थी और इसी के प्रभाव से उसने आत्महत्या कर ली थी।

बानू बाई 17 नवंबर को अपने मायके बड़गांव लौटी थी। इसी दौरान कुमार डूडवे ने तीनों आरोपियों को उसकी हत्या करने के लिए कहा। उसने आरोपियों को तीन लाख रुपए की सुपारी दी और कुछ रुपए एडवांस के तौर पर भी दिए।

आरोपियों से 17 नवंबर को बानू बाई के स्थान पर सोई बूटी बाई की लकड़ी मारकर हत्या कर दी थी। डीएसपी ने बताया कि दरअसल प्रतिदिन बानू बाई उसी स्थान पर सोती थी लेकिन किसी वजह से उस रात मेहमान बूटी बाई वहां सो गई थी।

श्रीगंगानगर : स्कूली छात्रा के अपहरण और रेप के आरोपी को 10 वर्ष की सजा

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) के मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश ने एक स्कूली छात्रा को शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में युवक को आज 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक नवप्रीत कौर संधू ने बताया कि जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 15 वर्षीय स्कूली छात्रा 21 मार्च 2017 की रात को अपने घर से गायब हो गई थी। अगले दिन उसके भाई द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मंगलाराम नामक युवक पर शक जाहिर करते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया।

इसी बीच गायब हुई किशोरी जैसलमेर जिले में रामदेवरा थाना पुलिस द्वारा एक होटल से दस्तयाब कर ली गई। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की। किशोरी ने अपना मेडिकल चेकअप करवाने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी)के समक्ष पेश किए जाने पर उसने मेडीकल चेकअप की सहमति प्रदान कर दी।

पुलिस ने जांच में पाया कि इस किशोरी को उसी के साथ स्कूल में पढ़ने वाला एक युवक रतनलाल(24) निवासी चक 3-आरजेडी (संसारदेसर) थाना घडसाना शादी करने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर 21 मार्च 2017 की रात को ले गया था। उसी रात गांव पतरोड़ा के समीप रतनलाल ने किशोरी से शारीरिक संबंध बनाए।

अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 17 गवाह और 23 दस्तावेज साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। आज न्यायाधीश ने रतनलाल को दोषी करार देते हुए धारा 363 और 366 में 5-5 वर्ष की कैद 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर छह-छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। दुष्कर्म की धारा 376 (2) (आई) के तहत 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा और 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है।

एपीआरओ मयंक गुर्जर ने किया अजमेर में पदभार ग्रहण

0

अजमेर। नव नियुक्त सहायक जनसम्पर्क अधिकारी (एपीआरओ) मयंक राज गुर्जर ने सोमवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय अजमेर में पदभार ग्रहण किया।

गुर्जर अजमेर जिले के ही निवासी है। इनका हाल ही में सहायक जनसम्पर्क अधिकारी पद के लिए चयन हुआ था। जयपुर मुख्यालय पर प्रशिक्षण के उपरांत इन्हें अजमेर सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में पदस्थापित किया गया है।

इन्होंने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। गुर्जर यांत्रिकी शाखा से बीटेक है। इन्होंने अंग्रेजी साहित्य एवं समाज शास्त्र में स्नात्तकोत्तर की उपाधि भी प्राप्त की है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री उमंग सिंघार पर पत्नी ने लगाया रेप का आरोप

भोपाल। मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के दौरान मंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर दुष्कर्म समेत अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज एक बयान जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस सचिव और गुजरात चुनाव में सह प्रभारी, विधायक उमंग सिंगार के खिलाफ धार के नौगांव थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। उनकी पत्नी ने दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

उन्होंने बताया कि विधायक पर आरोप है कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे विधायक निवास में उमंग सिंघार ने नवंबर 2021 से लेकर 18 नवंबर 2022 के बीच महिला के साथ दुष्कर्म किया और मारपीट कर अभद्र व्यवहार भी किया।

विधायक पर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का भी आरोप लगा है। नौगांव पुलिस ने इन सभी आरोपों के आधार पर उमंग सिंगार के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 377 और 498 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुजारी घटना ने राज्य सरकार के सामने खड़ा किया सवाल : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राजसमंद के देवगढ़ के हीरा गांव में पुजारी दंपती को जलाने की घटना को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह घटना एक बार फिर कांग्रेस सरकार के सामने सवाल खड़ा कर गई कि प्रदेश में लोग न सड़क पर सुरक्षित हैं, न ही घर, मंदिर, अस्पताल एवं स्कूल में सुरक्षित हैं।

पूनियां ने आज यहां मीडिया से बातचीत कहा कि राजसमंद के देवगढ़ के हीरा गांव में पुजारी दंपती को जिंदा जलाया जाना प्रदेश में यह पहली घटना नहीं है और सीधे-सीधे यह राजस्थान के इकबाल से जुड़ी घटना है, जो अपराध की घटनाएं यहां हुई उसमें पुजारी को जलाने की एक और घटना जुड़ गई।

उन्होंने कहा कि यह सीधे-सीधे राज्य के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पर सवाल खड़े करता जो इस समय भारत जोड़ने की बात करते हैं और अपनी कुर्सी को बचाए रखने के लिए सारी बातों को ताक पर रख देते हैं, यह उसी का नतीजा है जो कानून व्यवस्था पिछले चार सालों में ध्वस्त हुई, उसकी परिणति इस रूप में हुई, वीभत्स रूप में होती है।

उन्होंने कहा कि पुजारी को जिंदा जलाया जाना एक बार फिर कांग्रेस सरकार के सामने सवाल खड़ा कर गया कि राजस्थान में कोई असुरक्षित नहीं हैं। पूनियां ने कहा कि राजस्थान की असुरक्षा यहां तक पहुंच गई की देवी-देवताओं को पूजने वाले पुजारी को इस तरीके से जिंदा जला दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में अपराध की घटनाएं चरम पर हैं, जहां या तो पुजारी को जिंदा जलने के लिए विवश होना पड़ता है, जैसे महंत विजय दास की घटना हुई, जयपुर के मुरलीपुरा में जो घटना हुई, लेकिन राजसमंद के देवगढ़ की इस घटना ने एक बार फिर से उद्वेलित कर दिया है किस तरीके से राजस्थान में माफिया और बदमाशों का आतंक है, यह सब गहलोत के राजनीतिक संरक्षण में साफ तौर पर दिखता है कि ऐसी घटनाओं पर आंख मूंदकर बैठे हैंl

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोई प्रतिबद्धता दिखती नहीं है, अब ऐसा लगता है कि राजस्थान अपराधियों के हाथों में है, यहां सरकार का ना कोई इकबाल है, ना कोई शासन है, ऐसे में समाज में उद्वेलन स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुर्सी बचाने में तो माहिर हैं लेकिन किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में उनकी कोई रुचि और प्रतिबद्धता नहीं है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अजमेर दौरा, रोजगार मेले में करेंगे शिरकत

अजमेर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अजमेर पहुंचेंगे। वे सुबह 9:45 बजे सीआरपीएफ फॉयसागर रोड में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे शामिल होंगे।

बतादें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोज़गार मेले के तहत लगभग 71,000 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इससे पहले अक्टूबर में आयोजित रोजगार मेले के तहत 75,000 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार इसी कड़ी में अजमेर में अश्विनी वैष्णव के हाथों 193 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे जिसमें रेलवे के 162 अभ्यर्थी शामिल है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत रोजगार उन्मुख युवाओं के लिए उचित एवं प्रभावी रोजगार सृजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 22 अक्टूबर को रोजगार मेले की घोषणा की थी, जिसके अंतर्गत दिसम्बर-2023 तक दस लाख रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया था।

उल्लेखनीय है की रोज़गार मेला अभियान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने की माननीय प्रधानमंत्री की निरंतर प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एक दिवसीय दौरे के अंतर्गत वैष्णव रेलवे के कैरिज एवं लोको वर्कशॉप का निरीक्षण करेंगे के अतिरिक्त अजमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे।

सबगुुरु राशिफल : 21 नवम्बर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। मार्गशीर्ष मास, कृष्ण पक्ष, द्वादशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, हेमंत ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.07 बजे बाद त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आप काफी अच्छे मूड में रहेंगे। तरोताजा होने के लिए अच्छी तरह से आराम करें। आत्मसंयम रहें। पिता से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। भवन सुख में वृद्धि होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। कोई पुरानी बात याद आने से भी थोड़ी देर के लिए आपका मूड खराब हो सकता है। जीवनसाथी आपको धूम्रपान की लत से छुटकारा पाने के लिए प्रेरित करेगा। आज अकस्मात व्यय से परेशानी होगी। प्रेम सम्बंधो में मधुरता आएगी। सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ की स्थिति अच्छी बनी हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा प्रयास सार्थक होगा।

वृषभ :- कामकाज में अच्छा धनलाभ होगा। नया आर्थिक करार अंतिम रूप लेगा और धन आपकी तरफ आएगा। गुस्से पर नियंत्रण रखें। उन लोगों पर नजर रखें जो आपको गलत राह पर ले जा सकते हैं। प्यार-मोहब्बत के लिहाज से दिन थोड़ा मुश्किल रहेगा। पड़ोसियों का दखल शादीशुदा जिन्दगी में दिक्कत पैदा करने की कोशिश कर सकता है। अपने भविष्य की योजना बनाने के लिए अच्छा दिन है। मतभेदों की एक लम्बी श्रृंखला के पनपने के कारण आपको सामंजस्य बिठाने कें मुश्किल आएगी। किसी संत पुरुष के दर्शन सम्भव हैं। अपने स्वभाव को अस्थिर न होने दें।

मिथुन :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुँचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किये जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

कर्क :- आज किसी सात्विकता में वृद्धि होगी। फिर भी स्वास्थ्य संभालिएगा। अपने गुस्से पर काबू रखें। कार्यभार आज कुछ अधिक रहेगा। परिजनों से विवाद से बचें। नए दोस्त बनेंगे। असहाय लोगों की मदद करें, उन्नति होगी। विद्यार्थियों की पढ़ाई में अवरोध आएगा। ऋण लेन-देन का लाभ होगा। रुके हुए धन की प्राप्ति होगी। सुख-ऐश्वर्य बढ़ेगा। शुभ व सामाजिक कार्यों में संग्लन होंगे। शुभ समाचार मिलेगा। निराशावादी रवैये से बचें क्योंकि न सिर्फ यह आपकी संभावनाओं को कम कर देगा, बल्कि शरीर के आंतरिक संतुलन को भी बिगाड़ देगा। किए गए कामों से सफलता मिल सकती है।

सिंह :- आज आप में गजब का आत्मविश्वास रहने के आसार हैं जो आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में भी सहायक सिद्ध होगा। अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। समझदारी से काम लें और बातचीत कर मसले को सुलझाएं। वैवाहिक जीवन में आप कुछ निजता की जरूरत महसूस करेंगे। स्वजनों से निकटता बढ़ेगी। जीवनसाथी का साथ अधिक ऊर्जावान बना देगा। सहकर्मियों से सहयोग मिलेगा। स्वजनों से शुभ संदेश मिलेंगे। दोस्तों और भाइयों से भी मदद मिल सकती है। किसी खास काम के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है।

कन्या :- आज मनोरंजन में समय बीतेगा। आज का दिन व्यक्तिगत मामलों में उत्साहपूर्ण और मंगलमय है। व्यावसायिक साझीदार सहयोग करेंगे और आप साथ मिलकर टलते आ रहे कामों को पूरा कर सकते हैं। भागीदारी मे लाभ होगा। शुभ काम की संभावना है। अध्ययन या किसी लटके हुए काम की सफलता में आ रही रुकावट दूर होगी। इस समय आपका आकर्षण धर्म की ओर रहेगा। समाज सेवा से आपको मानसिक शांति मिलेगी। भाग-दौड़ की जिन्दगी को आराम देने का यही सही समय है। संपत्ति को लेकर विवाद खड़े हो सकते हैं। संभव हो तो इसे ठण्डे दिमाग से सुलझाने की कोशिश करें। कानूनी दखल फायदेमंद रहेगा।

तुला :- आज आपके विरोधी भी दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे। आज किसी पड़ोसी का व्यवहार आपको आहत कर सकता है। आप उसकी बात को नजरअंदाज करने की कोशिश करें। समय के साथ व्यवहार बदल जाएगा। आज आप समय का सही सदुपयोग करें। तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। आज आप अपने बिजनेस में कुछ नया करने की योजना बना सकते हैं। अपने अतिरिक्त धन को सुरक्षित जगह पर रखिए। शत्रु चिन्ता का दमन, प्रबल से प्रबल विरोधियों के होने पर भी अन्त में सर्वत्र विजय विभूति सफलता की प्राप्ति होगी। किसी मित्र या रिश्तेदार से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लाभ होगा।

वृश्चिक :- आज आप मांगलिक आयोजनों की तैयारी में लगे रहेंगे।अचानक हुई रोमांटिक मुलाकात आपके लिए उलझन पैदा कर सकती है। अपने चारों ओर होने वाली गतिविधियों का ध्यान रखें, क्योंकि आपके काम का श्रेय कोई दूसरा ले सकता है। आज आपक मानसिक रूप से परेशान रह सकते है। आज आप अपने व्यवसाय में उच्च अधिकारी के साथ कार्य करते समय संभलकर रहें। आपकी मनोकामनाएं दुआओं के जरिए पूरी होंगी। आज का दिन काम को सुधारने में विशेष योगदान दे रहा है। किसी विशेषज्ञ की सलाह आपके लिए आगे चलकर उपयोगी सिद्ध होगी।

धनु :- आज शान्त और तनाव-रहित रहें। मित्रों के साथ आर्थिक विषय पर कार्य करेंगे। संतानों के लिए समय अनुकूल है। पिता से लाभ होगा और मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा। परिवारजनों के साथ समय आनंदपूर्वक बीतेगा। जरूरत से ज्यादा वक्त व पैसा मनोरंजन पर खर्च न करें। वैवाहिक जीवन में शारीरिक सुख मिलेंगा। अचानक धन लाभ हो सकता है। आपके मन में कुछ बड़े विचार आ सकते है। अपने जीवनसाथी से किसी भी बारे में शिकायत न करें। नौकरी में अफसरों से मतभेद हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र का विस्तार तथा स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं।

मकर :- आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपको सफलता मिलने के अच्छे आसार हैं। परन्तु स्थिरता आने में थोड़ा समय और लगेगा। गप्पबाजी और अफवाहो से दूर रहें। आप आज ऊर्जा से भरपूर होंगे और कुछ असाधारण करेंगे। कम समय में काम को पूर्ण करेंगे। मेहनत अधिक होगी। वैवाहिक चर्चा से प्रसन्न रहेंगे। आज एक समय में एक ही काम करें पूरे फोकस के साथ, जल्द ही सफलता मिलेगी। सफर के लिए दिन ज्यादा अच्छा नहीं है। परिवार के किसी सदस्यों के साथ वैचारिक मतभेद उत्पन्न होंगे। आकस्मिक मुनाफे के जरिए आर्थिक हालात सुदृढ़ होंगे। आज के दिन आपकी योजनाओं में आखिरी पल में बदलाव हो सकते हैं।

कुंभ :- आज प्रतिस्पर्धियों पर आप विजय प्राप्त कर सकेंगे। व्यापार में परेशानी रहेगी अर्थात खर्च रहेगा। बाहरी लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद आपको जीवनसाथी के द्वारा हर संभव तरीके से सामर्थ मिलेगा। व्यापार अच्छा लाभ देगा। नौकरी में अधिकारी खुश रहेंगे। कृषि ठीक-ठीक रहेगी व लाभ मिलेगा। भाई से सहयोग प्राप्त होगा। आज आप आसानी से पैसे इकट्ठा कर सकते हैं। परिवार से मनमुटाव की स्थिति रहेगी। आज आप मानसिक उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। कार्यक्षेत्र दोस्तों की मदद से वित्तीय कठिनाईयाँ हल हो जाएंगी। व्यवसाय में वृद्धि होने के साथ अच्छा मुनाफा होगा।

मीन :- यदि आज आप अपने लिए कुछ खास करना चाहते हैं तो आज का दिन एकदम उचित है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लेकर कुछ चिंता हो सकती है। आमदनी के नए स्रोत मिलेंगे।निकटता आएगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। परिश्रम से कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे। नौकरी व व्यावसायिक कार्य सफल होंगे। आज जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।

बिहार : वैशाली में सड़क दुर्घटना में 6 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत

पटना। बिहार के वैशाली जिले में रविवार की रात महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के निकट एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने सड़क किनारे पूजा कर रहे लोगों को कुचल दिया जिसमें छह बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई तथा कई गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की रात कुछ लोग महनार हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव टोला के नजदीक एक पेड़ के नीचे पूजा कर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक आया और पूजा कर रहे लोगों को कुचल दिया। इस हादसे के ट्रक पीपल के पेड़ से टकराकर रुक गया और उसके बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि हादसे में 6 बच्चे समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में मिट्ठू राय की आठ वर्षीय पुत्री वर्षा कुमारी, सुरेंद्र राय की 12 वर्षीय पुत्री सुरुचि कुमारी, मनोज राय की आठ वर्षीय पुत्री अनुष्का कुमारी, संजय राय की आठ वर्षीय पुत्री शिवानी एवं 10 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी, रविंद्र राय के 20 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार, सुरेश राय की 10 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी एवं उमेश राय के 17 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपए मुआवजा और घायलों को इलाज के लिए पचास हजार रुपए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस घटना को दुखद बताते हुए मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुरूप मृतकों के परिजनों को अविलंब अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने और सभी घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।