सीनियर सिटिजन सोसायटी की बैठक में 18 वरिष्ठ सदस्यों का जन्मदिन मनाया, नए सदस्यों का किया स्वागत

0

अजमेर। वरिष्ठ नागरिकों के बीच आपसी मेलजोल, खुशियां बांटने और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शास्त्री नगर स्थित सामुदायिक भवन में सीनियर सिटिजन सोसायटी ग्रुप-4 की बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक में नवंबर माह में जन्मदिन वाले 18 सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान वरिष्ठ सदस्यों को माला और उपरना पहनाकर तथा जन्मदिन कार्ड भेंटकर सम्मानित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता आशुतोष दाधीच ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सचिव अशोक जोशी ने ईश्वर वंदना, ओम मंत्र, हास्य और सामूहिक ताली वादन के साथ कराई। इसके बाद सचिव ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसका उपस्थित सदस्यों ने अनुमोदन किया।

92 वर्षीय सदस्य का भी किया सम्मान

नवंबर में जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों में सोसायटी के वरिष्ठतम सदस्य 92 वर्षीय वीके त्रिवेदी के साथ नथमल मिश्रा, दिनेश शर्मा और मानमल कोठारी सहित कुल 18 सदस्यों को सम्मानित किया गया। सामूहिक जन्मदिन आयोजन के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर सोसायटी की सदस्यता ग्रहण करने वाले अनुप शर्मा, राजेन्द्र सिंह गोड़ और अनीता गोड़ सहित नए सदस्यों का भी स्वागत किया गया।

गीत-संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बैठक में मनोरंजन गतिविधियों के तहत सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नथमल मिश्रा, रवि प्रकाश शर्मा, विष्णु गोयल, प्रदीप गोड़ और डॉ. पीसी चांदावत सहित नीलम शर्मा एवं राधा रानी तिवारी ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

पुष्कर में मार्च में होगा प्रांतीय अधिवेशन

महासचिव सुभाष दत्त शर्मा ने आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी का प्रांतीय अधिवेशन 16 और 17 मार्च 2027 को पुष्कर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिवेशन की तैयारियों और आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ. एसडी मिश्रा, सहसचिव कमल शर्मा, अनिल दगदी और सुरेश केवलरमानी सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन सचिव अशोक जोशी ने किया। अंत में अध्यक्ष आशुतोष दाधीच ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

बैठक के समापन पर महासचिव सुभाष दत्त शर्मा की नानी के 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद हुए निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्यों ने भाग लिया।