अजमेर के आजाद पार्क में 2 दिसंबर से 27 दिसंबर तक रहेगी स्वदेशी मेले की धूम

1

विद्यार्थियों, उद्यमियों और संस्कृति के लिए होंगे विशेष आयोजन
अजमेर। स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने, स्थानीय उद्यमिता को मंच उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अजमेर के आजाद पार्क में 2 दिसंबर से 27 दिसंबर तक स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित मेले की तैयारियों का शनिवार को भूमि पूजन, आयोजन कार्यालय के शुभारंभ और पत्रकार वार्ता के साथ औपचारिक आगाज किया गया।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी मिशन तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा। ‘हर घर स्वदेशी’ के संदेश के साथ लोगों को देश में निर्मित उत्पादों को अपनाने, स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। चित्तौड़ प्रांत में कुल छह स्वदेशी मेलों का आयोजन प्रस्तावित है, जिनमें अजमेर का मेला भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मेले में स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय कारीगरों, घरेलू उद्योगों, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप से जुड़े लोगों को अपने उत्पाद एवं कार्य प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य ऐसे युवाओं और महिलाओं को बाजार, मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन उपलब्ध कराना भी है, जो अपने कौशल के आधार पर व्यवसाय कर रहे हैं अथवा नया उद्यम शुरू करने की तैयारी में हैं।

युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करने पर जोर

आयोजन समिति ने बताया कि मेले के जरिए युवाओं को नौकरी तलाशने वाले बनने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने की प्रेरणा दी जाएगी। ‘जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बनें’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए नए व्यवसाय, स्वरोजगार और स्टार्टअप की संभावनाओं पर चर्चा होगी। महिला उद्यमियों और हुनरमंद लोगों को भी अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिदिन होंगे तीन विशेष सत्र

मेले में प्रतिदिन तीन अलग-अलग सत्रों के माध्यम से शैक्षणिक, सामाजिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

– प्रथम सत्र (सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक): स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक, बौद्धिक एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देना और उनमें रचनात्मकता विकसित करना होगा।

– द्वितीय सत्र (दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक): सामाजिक संगठनों की सहभागिता से पंच परिवर्तन के विषयों पर्यावरण, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक शिष्टाचार और सामाजिक समरसता पर संवाद एवं परिचर्चाएं होंगी। इसके साथ किसानों, जैविक खेती, पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

– तृतीय सत्र (शाम 5:30 से रात 9 बजे तक): सांस्कृतिक संध्या में कवि सम्मेलन, हास्य कार्यक्रम, भजन संध्या और युवाओं के लिए भजन क्लबिंग जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए मेले में सांस्कृतिक, मनोरंजक और पारिवारिक माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

स्वदेशी मेला उत्पादों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वदेशी विचार, सामाजिक जागरूकता, प्रतिभा, उद्यमिता और सांस्कृतिक गतिविधियों के समन्वय के साथ अजमेरवासियों के लिए एक व्यापक आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।