अजमेर जिले में 19 लाख 85 हजार 990 मतदाता

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में मतदाताओं की संख्या 19 लाख 85 हजार 990 हो गई है। इनमें 10 लाख 8939 पुरुष मतदाता तथा नौ लाख 77024 महिला मतदाता हैं।

लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक एक जनवरी 2024 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता सूची का गुरुवार को अंतिम प्रकाशन किया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी लोकेश कुमार गौतम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतिम प्रकाशन को जिले में कुल 1985990 मतदाता हो गए हैं। अनुमानित जनसंख्या की तुलना में जिले का मतदाता-जनसंख्या अनुपात 648 हो गया है। इनमें 1008939 पुरूष, 977024 महिलाएं तथा 27 तृतीय लिंग है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में नवीन मतदाताओं (18-19 आयुवर्ग) के पंजीकरण भी किए गए। अंतिम प्रकाशन में 18-19 आयुवर्ग के मतदाताओं की संख्या 54215 हो गयी है। इसका जनसंख्या से अनुपात 1.77 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि अंतिम प्रकाशन में जिले में कुल 1239 मतदान लोकेशन पर 1937 मतदान केन्द्र हो गए हैं। जिले में 286 मतदान लोकेशन शहरी क्षेत्र में तथा 953 मतदान लोकेशन ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है। लोकसभा आम चुनाव -2024 के मद्देनजर 1450 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केन्द्रों पर सहायक मतदान केन्द्र बनाए जाने के संबंध में अवगत कराया गया।

अजमेर निर्वाचन क्षेत्र में स्थित विधानसभा क्षेत्रों के कुल 31 मतदान केन्द्रों के सहायक मतदान केन्द्र बनाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के 10वें दिन के बाद प्रविष्टियों में कोई सुधार या नामों को नहीं हटाया जाएगा।