अजमेर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय अजमेर के समीप स्थित एसटीआई ऑडिटोरियम में शनिवार सुबह केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्यआतिथ्य में 19वें रोजगार मेले का आयोजन हुआ।
प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर देशव्यापी रोजगार मेला का डिजिटल शुभारंभ कर नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया। भारत सरकार के रोजगार मेला अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों के लिए कुल 258 योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए, जिनमें 240 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।
नियुक्ति पत्रों का वितरण दो माध्यमों से किया गया। मुख्य अतिथि चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी के ऑफर लेटर (नियुक्ति पत्र) सौंपे। कुल 92 अभ्यर्थियों (76 पुरुष, 16 महिला) को कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान गए। इसके अलावा 166 अभ्यर्थियों (164 पुरुष, 2 महिला) को ई-मेल के जरिए उनके नियुक्ति भेजे गए।
इस अवसर पर नवनियुक्त युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेल्फी पॉइंट पर फोटो ली गई। उपस्थित अधिकारियों ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और उन्हें देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा के निर्देशन में विभिन्न विभागों के समन्वय के साथ किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।



