चित्तौड़गढ़ में मधुमक्खियों के हमले में दो लोगों की मौत

0

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू उपखंड क्षेत्र में मधुमक्खियों ने अपना छत्ता छेड़े जाने के बाद दो दिन में दो लोगों की जान ले ली जबकि सांसद सीपी जोशी के निजी सहायक सहित कई लोगों को घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को बेंगू उपखण्ड के ग्राम कितियास में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसके अंतिम संस्कार के दौरान चिता से उठे धुएँ से वहां छत्ता बना रही मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। जिससे कई लोग घायल हो गए।

उनमें गंभीर घायल जमनेश सुखवाल नामक व्यक्ति ने कल रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसका आज सुबह उसी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार करने लोग पहुंचे तो क्रिया शुरू होने से पहले ही फिर गुस्साई मधुमक्खियों ने उन पर पूरी तीव्रता से हमला कर दिया, जिससे लोग शव छोड़ भागे।

सूत्रों ने बताया कि इस दौरान 10 से अधिक लोग मधुमक्खियों के दंश का शिकार हो गये जिसमें सांसद सीपी जोशी के निजी सहायक दिनेश ओझा भी डंक लगने के अलावा एक खड्डे में गिरने से अपना पांव तुड़वा बैठे। घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल लाया गया जिनमें से एक भवानीशंकर पांड्या ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मधुमक्खियां अपना आशियाना उजड़ने से इतनी गुस्से में थी कि एक झुंड ने लोगों को एक किलोमीटर तक दौड़ाया तो दूसरे झुंड ने चिता पर पड़े शव पर ही हमला कर दिया। सूचना मिलने पर बेंगू उपखंड अधिकारी एवं अन्य पीपीई किट पहनकर श्मशान पहुंचे तब भी मधुमक्खियां शव को नोच रही थी। किसी तरह मृतक का अंतिम संस्कार करवाया गया। अभी भी भी दो और लोग गंभीर है जिन्हें उदयपुर भेजा गया है।