इंडिगो ने 20वीं वर्षगांठ पर 20000 मुफ्त टिकटों की घोषणा की

0

नई दिल्ली। प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने अपनी 20वीं वर्षगांठ पर ‘हैप्पी इंडिगो डे’ ऑफर की घोषणा की है, जिसके तहत घरेलू मार्गों पर वह 20 हजार टिकट ‘मुफ्त’ दे रही है।

कंपनी ने कहा है कि ऑफर के तहत पात्र 20 हजार यात्रियों को प्रति पीएनआर अधिकतम 10,000 रुपए की राशि वापस की जाएगी। ऑफर के लिए सभी पात्र यात्रियों में से 20 हजार यात्रियों का चयन किया जाएगा।

ऑफर में चार अगस्त से छह अगस्त तक करायी गयी बुकिंग को शामिल किया जायेगा। इंडिगो के डायरेक्ट बुकिंग चैनलों वेबसाइट, मोबाइल ऐप या इंडिगो के एआई वर्चुअल असिस्टेंट 6ईस्काई के माध्यम से घरेलू उड़ानों में बुक किए गए टिकटों पर ही ऑफर लागू होगा। मंगलवार को बुक कराए गए टिकट में से 10 हजार को और बुधवार तथा गुरुवार की बुकिंग में से पांच-पांच हजार यात्रियों को रिफंड मिलेगा।

ऑफर अवधि के दौरान की गई पात्र बुकिंग में से बिना किसी क्रम के चुने गए ग्राहकों को ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से एक साधारण प्रश्न का उत्तर देने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। ग्राहकों को सही उत्तर देने के लिए तीन अवसर मिलेंगे। जो भी ग्राहक सही उत्तर देंगे, उन्हें उनकी बुकिंग का किराया (अधिकतम 10 हजार रुपए तक) तीन से पांच कार्य दिवसों के भीतर वापस कर दिया जाएगा। ऑफर सभी घरेलू इकोनॉमी क्लास और इंडिगोस्ट्रेच बुकिंग पर लागू होगा।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को इंडिगो ने अपने परिचालन के 20 साल पूरे कर लिए। एयरलाइंस यात्री संख्या के आधार पर 65 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी बन चुकी है।