अजमेर। दीपावली के पावन अवसर पर शास्त्री नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु पसंद भवन में आध्यात्मिक वातावरण के बीच दीपोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान दीप प्रज्वलन के साथ प्रेम, शांति, पवित्रता और सकारात्मकता का संदेश दिया गया। बीके परिवार के सदस्यों ने स्वयं के भीतर व्याप्त बुराइयों और नकारात्मक संस्कारों को समाप्त कर श्रेष्ठ गुणों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा केंद्र की संचालिका राजयोगिनी बीके आशा बहन के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। कीर्ति बहन ने उन्हें आत्म-स्मृति का तिलक लगाकर एवं चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर मां लक्ष्मी का आह्वान किया।
समारोह में नन्ही बालिकाओं ने राधा-कृष्ण का आकर्षक रूप धारण कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बालिकाओं की सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह और उल्लास के रंग भर दिए। बीके पूनम एवं बीके हीना बहन ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




