ग्वालियर। मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर के मुरार थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 21 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पहचान लगभग छह वर्ष पूर्व विकास नरवरिया से हुई थी। दोनों के बीच मित्रता होने के बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।
शिकायत के अनुसार सितंबर 2020 में आरोपी ने युवती को खुरैरी क्षेत्र स्थित अपने घर बुलाया, जहां वह अकेला था। युवती का आरोप है कि वहां आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने शादी का वादा किया और धमकी भी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसके बाद आरोपी उसे विभिन्न स्थानों पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती का आरोप है कि आरोपी हर बार बालिग होने के बाद विवाह करने का आश्वासन देता था।
शिकायत के अनुसार बालिग होने के बाद जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः विवाह से इनकार कर दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। मुरार थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।



