गोवा में नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत, 50 घायल

पणजी। गोवा के उत्तरी क्षेत्र में स्थित अरपौरा गांव में एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात आग लगने से करीब 25 लोगों की मौत हो गई तथा 50 घायल हो गए।

प्रारंभिक रिपोर्टो के अनुसार आग नाइट क्लब की रसाई में गैस सिलेंडर फटने से लगी। मृतकों में अधिकतर क्लब के कर्मचारी है। दुर्घटना के कुछ देर बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रूपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की है।

बागडे एवं भजनलाल ने आग हादसे पर जताया दुख

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोवा के अरपोरा में आग लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बागडे ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

शर्मा ने कहा कि गोवा के अरपोरा में हुई अग्निकांड की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त किया शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवा के अरपोरा इलाके में हुई भीषण आग दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर आज पोस्ट साझा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएँ प्रकट कीं।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि दुर्घटना अत्यंत दुखद है और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। उन्होंने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनाएं गोवा के भाई-बहनों के साथ हैं।