जयपुर में होने वाली सिन्धु एकता महासंगम में अजमेर से 250 प्रतिनिधि करेंगे शिरकत

अजमेर। राजस्थान सिन्धी महापंचायत जयपुर की ओर से आयोजित सिन्धु एकता महासंगम में अजमेर शहर की 40 से ज्यादा पंचायतों के करीब 250 प्रतिनिधि शिरकत करने जयपुर जाएंगे।

अजमेर सिन्धी समाज के अध्यक्ष अध्यक्ष मोहन चेलानी ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि 11 अक्टूबर को जयपुर के बिड़ला आडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय विराट महासम्मेलन में सिन्धु एकता पर गहन मंथन, सिन्धी सभ्यता और संस्कृति का संरक्षण, सिन्धी समाज को एकता के सूत्र में बांधने पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से सिन्धी समाज को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए राजनीतिक प्रतिनिधित्व की भी मांग की जाएगी।

चेलानी ने कहा कि प्रदेश में 20 लाख से ज्यादा सिन्धी है। राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से 16 सीट ऐसी हैं, जहां सिन्धी मतदाताओं की अधिकता है। हम दोनों राजनीतिक दलों से 8-8 सीट पर सिन्धी को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग करते हैं।

उन्होंने बताया कि सिन्धु एकता महासंगम महासम्मेलन में कांग्रेस एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष क्रमशः गोविंद सिंह डोटासरा तथा सीपी जोशी के आने के अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, डा. अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता सतीश पूनियां, सांसद रामचरण बोहरा शिरकत करेंगे।

इस अवसर पर अजमेर नगर सुधार न्यास के पूर्व अध्यक्ष नरेन साहनी भगत, सेवानिवृत्त आरएएस तथा जिला परिषद में लोकपाल का दायित्व सम्भाल रहे सुरेश सिन्धी, जीडीवरन्दानी, आरके आहूजा, सिन्धी महिला संगठन की पूजा तोलवानी, सोना धनवानी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।