शिवपुरी : गोरा टीला झरने में नहाने के बाद 4 बच्चों की मौत, 4 की तबीयत बिगड़ी

0

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में कोलारस क्षेत्र के गोरा टीला झरने में नहाने के बाद दो परिवारों के चार बच्चों की मौत के बाद चार अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने झरने के पानी के नमूने जांच के लिए लिए हैं और रिपोर्ट आने तक लोगों को झरने से दूर रहने की सलाह दी है।

अधिकारी सूत्रों के अनुसार प्रभावित परिवारों के करीब 50 लोगों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर रेडक्रॉस सोसाइटी शिवपुरी द्वारा पीड़ित परिवारों को एक लाख 50 हजार रुपए की सहायता राशि भी दी गई है।

परिजनों के अनुसार कुछ दिन पूर्व शिवपुरी निवासी रजा मोहम्मद और तनवीर के परिवारों के करीब 15 लोग गोरा टीला झरने पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां उन्होंने झरने के पानी में स्नान किया और खाना खाकर लौटे थे। इसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी, दस्त तथा पेट दर्द की शिकायत हुई। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां चार बच्चों की मृत्यु हो गई।

चार अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें चिकित्सकों की टीम के साथ बुधवार शाम ग्वालियर रेफर किया गया। प्रशासन पानी की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। फिलहाल बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।