मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक वोल्वो बस के ट्रेलर से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 111-112 के बीच तड़के करीब 3:35 बजे गोला बस सर्विस की वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। बस में 65 यात्री सवार थ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने बस में सवार 29 सुरक्षित यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
हादसे में बस चालक उपदेश कुमार (32) निवासी नगला भूरे, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी, हरिओम (36) निवासी जायस कासिमपुर, थाना बहादुरपुर, जनपद अमेठी, तथा उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंसार मैदान गंज निवासी खुर्शीद अंसारी (25) और मुबारक (22) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित और नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि मृतक खुर्शीद अंसारी के भाई दानिश अंसारी की तहरीर पर थाना राया में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बस चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



