ऋषिकेश। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सेवा की यह बस गूलर पुल के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड नदी में जा गिरी। बस में कई यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और नदी तथा खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
सुबह करीब 4:30 बजे हुए इस हादसे में बस में लगभग 34 से 35 यात्री सवार बताए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचावकर्मियों को घायलों को स्ट्रेचर के जरिए सड़क तक पहुंचाना पड़ा। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर चालक का वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।



