अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक पांच वर्ष की बालिका से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आरोपी एक मोटर साइकिल पर आया और उस बालिका को अपने साथ ले गया। उसने जंगल में जाकर बालिका से दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। इस घटना की सूचना के बाद अलवर से पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी भी अलवर से घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
चौधरी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए दो पुलिस उपाधीक्षक कर रहे हैं। इसके अलावा चार थानेदारों के दल का भी गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस मामले में कई पुलिस दल आरोपी की तलाश में जुट गए हैं। बच्ची को देर रात टहला से राजगढ़ अस्पताल लाया गया जहां उसका मेडिकल कराया गया है।



