आगरा में 6 बालिकाएं नहाते समय यमुना नदी में डूबी, 4 की मौत

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार की सुबह हुए एक बड़े हादसे में यमुना नदी में नहाने गईं छह बालिकाएं डूब गईं। इनमें से दो बालिकाओं को बचा लिया गया जबकि चार अन्य की डूबने से मौत हो गई।

यह हादसा थाना सिकंदरा क्षेत्र के ग्राम नगला नाथू में हुआ। मृत बालिकाओं की आयु 9 से 18 साल के बीच बताई गई है। सभी एक ही परिवार के भाइयों की संतानें थीं। मृतकाें में तीन सगी और एक चचेरी बहन थी।

स्थानीय गोताखोरों ने उन्हें नदी से निकाला। बचाई गई दो बालिकाओं की हालत गंभीर है, उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद न केवल एक घर, बल्कि पूरा गांव शोक और सन्नाटे की चपेट में है।

बताया गया है कि थाना सिकंदरा के गांव नगला नाथू की 7-8 बालिकाएं सुबह 10 बजे के करीब यमुना नदी में नहाने पहुंच गईं। यह गांव नदी से बमुश्किल आठ सौ मीटर दूर है। उन्होंने इसके बारे में अपने घर वालों को नहीं बताया था। बालिकाओं ने नदी किनारे मोबाइल फोन से रीलें भी बनाई। नदी में नहाने के दौरान लड़कियां गहरे पानी में डूबने लगीं, उनका शोर सुनकर थोड़ी दूर स्थित खेतों मे काम कर रहे किसान नदी की ओर दौड़ पड़े।

खबर गांव पहुंची, तो गांव के ही कुछ गोताखोरों ने अन्य ग्रामीणों के साथ डूब रही लड़कियों को बचाने की भरपूर कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक चार बालिकाओं की सांसें थम चुकी थीं। मृत बालिकाएं एक ही परिवार के भाइयों की बेटियां थीं और आपस में चचेरी बहनें थीं।

सूचना पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एडीशनल पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जिन दो बालिकाओं को बचाया गया, उन्हें प्रभा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गांव का रास्ता ठीक न होने के कारण एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। जिस कारण गांव के ही लोगों को निजी बाइक से ही बालिकाओं को अस्पताल ले जाना पड़ा। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।