उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसा : पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत

0

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दलों ने हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद किया। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह खराब मौसम को माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क एयर ट्रैफिक एवं ट्रैकिंग सिस्टम से टूट गया। इसके बाद विमान की लोकेशन मिलनी बंद हो गई।

दोपहर करीब 2:20 बजे चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर नीचे जा गिरा। दुर्घटना की सूचना सेना की ओर से जिला प्रशासन को दी गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। तलाशी अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर का मलबा मिला और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई।

पायलट समेत पांच यात्रियों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में पायलट कैप्टन हिमांशु के साथ पांच यात्री शामिल हैं। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले बताए गए हैं।

खराब मौसम के बीच हुआ हादसा

हादसे के समय क्षेत्र में मौसम खराब था। मौसम विभाग ने चमोली जिले के लिए 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इसमें कुछ स्थानों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी। बदरीनाथ-जोशीमठ क्षेत्र में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई थी। हालांकि हेलीकॉप्टर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जोशीमठ के चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।

ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टरों पर रोक

हादसे के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को फिलहाल ग्राउंडेड कर दिया। दुर्घटना के कारणों और विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।

बदरीनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों के लिए यह हादसा एक बड़ी त्रासदी बन गया। उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान हवाई सेवाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।