नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर चुप्पी साधने, चुनाव आयोग, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे की बयान को लेकर कांग्रेस से देश से माफी मांगने की मांग की है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने रविवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दुबई की उड़ान में कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने अदम्य साहस से पूरे देश और दुनिया को हैरान कर दिया है। उन्होंने अपने कार्यों से उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मोदी ने उनसे बात की है और इजराइल तथा अमरीका के राष्ट्रपतियों ने उनकी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि आज मीडिया में यह खबर भी है कि आतंकवादी संगठन अलकायदा ने आरोपी पायलट इमाम अल-हमामी की प्रशंसा की है और उसका समर्थन किया है। भारत के लिए गर्व के इस क्षण में कुछ शर्म के क्षण भी हैं।
उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार के लिए कांग्रेस के प्रथम परिवार की ओर से एक भी शब्द, पोस्ट या प्रेस बयान नहीं आया, जो सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, जिनकी आंखों में बाटला हाउस मुठभेड़ के आरोपी के लिए आंसू थे, उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार के लिए एक शब्द नहीं कहे। जो राजकुमारी अपने हाथ में फिलिस्तीन का बैग लेकर घूमती थीं, उन्होंने उस बैग से सहानुभूति का रूमाल तक नहीं निकाला।
उन्होंने बिना नाम नहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बिगड़ा हुआ राजकुमार, जो गाजा के लिए दुखी था, ट्वीट कर रहा था, कांग्रेस कार्यसमिति से प्रस्ताव पारित करवा रहा था और अखबारों में लेख लिख रहा था, ऐसा लगता है कि अपने वोट बैंक से इतना डर गया है कि उसके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला। पूरे देश को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के इस आचरण पर ध्यान देना चाहिए।
त्रिवेदी ने मोदी और शाह को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की निंदा करते हुए सवाल किया कि खरगे लगातार मिल रही चुनावी हार की हताशा में पूरी तरह डूबे राहुल गांधी की विक्षिप्त मानसिकता को अपने ऊपर क्यों लेना चाहते हैं?
उन्होंने कहा कि मैं खरगे से पूछना चाहता हूं कि जब आपका चुनाव हुआ था, तब कांग्रेस के एक नहीं, बल्कि कई नेताओं ने कहा था कि कम से कम निर्वाचक मंडल की सूची तो उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस ने वह सूची उपलब्ध नहीं कराई। ऐसे में पहला सवाल यह उठता है कि कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर आपका चुनाव ही अवैध है।
उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का नामांकन हो रहा था, तब परिवार के बाकी सदस्य वहां बैठे थे, लेकिन खरगे को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। ऐसा माना गया कि खड़गे का अंदर जाना अवैध होगा।उन्होंने कहा कि जब कानूनी और अवैध की बात हो रही है तो कांग्रेस को अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए। यह 140 करोड़ लोगों के जनादेश का अपमान है और कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।



