जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार एसयूवी के अज्ञात वाहन से टकराने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए।
सभी हताहत अयोध्या में खंडित मूर्ति विसर्जित कर अपने घर लौट रहे थे कि उनकी कार कालपी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर भारत गैस गोदाम के सामने कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि आज तड़के करीब पांच बजे टवेरा कार अयोध्या से लौटते समय कालपी क्षेत्र से गुजर रही थी। जैसे ही वाहन भारत गैस गोदाम के सामने पहुंचा, तभी वह किसी अज्ञात वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने स्वामी प्रसाद तिवारी (68) पुत्र धर्मदास तिवारी, देशराम नामदेव (38) पुत्र द्वारका नामदेव, शशिकांत तिवारी (49) पुत्र उत्तम तिवारी, मनोज भोडले (39) पुत्र ओमप्रकाश, उमेश तिवारी (23) पुत्र गोपाल तिवारी तथा कृष्णकांत नायक (40) पुत्र बाबूलाल नायक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हरिओम (39), अंशुल (38), शिवानंद (39) और भूषण तिवारी (40) की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया है।
एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान परिजनों के पहुंचने के बाद की गई। सभी मृतक एवं घायल कस्बा महरौनी, थाना महरौनी, जनपद ललितपुर के निवासी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।



