चिकबल्लापुर। कर्नाटक के चिकबल्लापुर की एक अदालत में जज की कुर्सी पर कथित तौर पर अंधविश्वासों से जुड़ा काला जादू कर न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित करने के प्रयास में एक बुजुर्ग महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आरोपी महिला की पहचान मंजुला (65) के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर प्रथम अपर वरिष्ठ दीवानी न्यायाधीश और प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के कक्ष में प्रवेश किया और जज की कुर्सी पर पीली सरसों के दाने छिड़क दिए, जिनके बारे में माना जाता है कि उनका उपयोग अंधविश्वास संबंधी अनुष्ठानों में किया गया था।
यह घटना तब सामने आई जब अदालत कक्ष के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में महिला को दो दिन पहले यह हरकत करते हुए देखा गया। फुटेज सामने आने के बाद कोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सतर्क किया।
अदालत की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर चिकबल्लापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कर्नाटक अमानवीय जनविरोधी प्रथाओं और काला जादू निवारण एवं उन्मूलन अधिनियम 2017 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। महिला को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता इस हरकत के पीछे के मुख्य मकसद की पड़ताल कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसका उद्देश्य अदालत में चल रहे किसी मामले की न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित करना था। मामले की जांच जारी है।



