दीपावली पर रेलवे के 70 सफाई कर्मियों को मिला उपहार, महिला कल्याण संगठन ने भेंट किए कंबल

0

अजमेर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को उत्सव में सहभागी बनाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से मंगलवार, 4 नवंबर को अजमेर रेलवे स्टेशन पर विशेष सम्मान एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 70 सफाई कर्मचारियों को दीपावली के उपहार स्वरूप कंबल भेंट किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन अजमेर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष रिंकल भूतड़ा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर संगठन की सचिव ज्योति उषाहरा, कोषाध्यक्ष मोनिका मीना सहित कार्यकारिणी की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।

सफाई कर्मियों के योगदान को किया सम्मानित

इस अवसर पर अध्यक्ष रिंकल भूतड़ा ने सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे नियमित रूप से मेहनत कर यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में अपना योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां उन कर्मचारियों के साथ साझा करना जरूरी है, जो अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में जुटे रहते हैं।

उपहार पाकर खिले कर्मचारियों के चेहरे

संगठन की ओर से कंबल प्राप्त कर सफाई कर्मचारियों ने प्रसन्नता जताई और महिला कल्याण संगठन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। महिला कल्याण संगठन की इस पहल के माध्यम से दीपावली के अवसर पर रेलवे स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले कर्मचारियों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना व्यक्त की गई।