गणतंत्र दिवस : अजमेर में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने फहराया ध्वज

0

अजमेर। अजमेर जिला मुख्यालय पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पुलिस लाईन मैदान में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ध्वज फहराकर कर मार्चपास्ट की सलामी ली। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन ज्योति ककवानी ने किया।

जल संसाधन मंत्री रावत ने कहा कि 7वीं शताब्दी में महान शासक अजयपाल चौहान द्वारा स्थापित अजमेर को सम्राट पृथ्वीराज चौहान के समय देश की राजधानी रहने का भी सौभाग्य मिला। क्रांतिकारियों की शरणस्थली रही अजमेर की यह धरती सर्वधर्म सदभाव और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। यहां, सृष्टि के रचयिता प्रजापिता ब्रह्मा की नगरी तीर्थ गुरू पुष्कर हिन्दुओं का सर्वश्रेष्ठ तीर्थ है। दरगाह भी यहां है। जैन तीर्थ स्थल नसियां और नारेली सभी धर्मावलम्बियों के लिए श्रृद्धा के स्थल है। अजमेर की पवित्र भूमि पर सिख पंथ के महान गुरूओं के चरण भी पड़े है। उनका आशीर्वाद सदैव हमें मिलता रहा है। पारसियों का पवित्र अग्नि मंदिर भी यहां विद्यमान है। अजमेर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के विजन से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ आर्थिक शक्ति केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि हमने इसी महीने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जो घृणा और कट्टरता पर हमारी आस्था की जीत और भारत की आत्मशक्ति का प्रतीक है। जयपुर में आयोजित सैन्य दिवस परेड में सशक्त भारत और हमारी सेनाओं का पराक्रम देखने को मिला है। आजादी का यह अमृतकाल श्री अरविंदो की 150वीं और भारत मां के वीर सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयन्ती का भी साक्षी बना है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशक हमारे लिए बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। विकसित राजस्थान के साथ विकसित भारत के संकल्प को हमें पूरा करना है। वंचित वर्ग, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित हमारी डबल इंजन की सरकारें निरंतर सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार एवं कौशल विकास, सुशासन और मजबूत अर्थव्यवस्था के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले, समय पर और पूरी मजदूरी मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम, 2025 (वीबी-जी रामजी) लेकर आई है। लोगों की मांग के अनुसार काम देने की व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत होगी। रोजगार की कानूनी गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। योजना के तहत जल संरक्षण, बुनियादी ढांचे, आजीविका इंफ्रास्टक्टर और आपदाओं से निपटने संबंधी ठोस कार्य करवाए जा सकेंगे। जनता के पैसे का सही उपयोग होगा। हर हफ्ते मजदूरों का भुगतान होगा।

उन्होंने कहा कि गत सरकार के 5 वर्षों दौरान किए गए कार्यों की तुलना में वर्तमान सरकार के 2 वर्षों में किए गए कार्य बहुत अधिक है। इससे सरकार ने राज्य का जनकल्याणकारी पक्ष सबके सामने रखा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण करने, बिजली तंत्र को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाएं एवं पेयजल और सिंचाई उपलब्ध कराने के लिए शुरू कार्य तेज गति से बढ़ रहे हैं। राजस्थान का हृदय स्थल अजमेर जिला विकास की निरन्तर दौड़ में हमेशा आगे रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व पटल पर सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है। पृथ्वी पर शांति स्थापना के लिए पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। राइजिंग राजस्थान प्रदेश के आर्थिक विकास को नई ऊंचाईयां प्रदान करने के लिए सरकार का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इसका प्रभाव राजस्थान के प्रत्येक नागरिक पर पडे़गा। राइजिंग राजस्थान के अन्तर्गत राज्य में निवेश का सर्वाधिक लाभ राज्य के युवाओं को मिलना सुनिश्चित है। राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान के माध्यम से राजस्थान में निवेश को एकदम बूस्ट कर दिया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान का युवा हर तरह से सक्षम होने के बावजूद पिछली सरकार की कार्य शैली से बड़ा हताश था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के करोड़ों युवाओं की इस पीड़ा को समझकर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाकर उनके भविष्य को सुरक्षित किया गया है। परीक्षाएं अब एक नियमित कैलेण्डर के अनुसार आयोजित हो रही हैं। इस एक वर्ष में विभिन्न विभागों में राजस्थान में पेपरलीक से जुड़े प्रभावशाली माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि आज का भारत, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। अमृत काल की अवधि में भारत में अभूतपूर्व तकनीकी परिवर्तन हो रहे रहे हैं। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे तकनीकी बदलाव हमारे दैनिक जीवन का अंग बन गए हैं। कई क्षेत्रों में भविष्य से जुड़ी आशंकाएं चिंतित करती हैं, लेकिन अनेक उत्साह-जनक अवसर भी दिखाई देते हैं, उनके मार्ग से बाधाओं को दूर करने और उन्हें अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने की सुविधा प्रदान करने के लिए हमें हर संभव प्रयास करना है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना आम नागरिक की सक्रिय सहभागिता में निहित है। लेकिन परिवारवादी राजनैतिक पार्टियां और गैर-जिम्मेदार लोग फ्री स्पीच और डेमोक्रेसी की आड़ लेकर संवैधानिक संस्थाओं पर मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगाकर हमारे लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। हमें इनसे सावधान रहने की जरूरत है। यह पूर्ण विश्वास है कि हम संविधान के दायरे में रहकर इन ताकतों से मुकाबला करेंगे। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भारत को विश्व पटल पर सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है। नए वल्र्ड ऑर्डर में भारत अग्रिम राष्ट्रों का सिरमोर बना है। सम्पूर्ण ग्लोब को प्रभावित करने वाली समस्याओं के समाधान के लिए वल्र्ड लीडर भारत को आगे कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में सामूहिक वंदे मातरम गायन सत्र आयोजित किए जा रहे है। यह गीत राष्ट्रप्रेम, एकता और हमारी साझी चेतना का प्रतीक है। इससे नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत हुई है। इस अभियान ने भारत के सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है। हमें आगामी 15 अगस्त तक पूर्ण वन्दे मातरम् कठंस्थ करने का संकल्प लेना चाहिए।

लोकतन्त्र एवं स्वतंत्रता सेनानियों का किया सम्मान

जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानी शोभाराम गहरवार का शॉल ओढाकर सम्मान किया गया साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन चन्दा अग्रवाल, विमला देवी, लेखा गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। लोकतन्त्र सेनानी अशोक कुमार कच्छावा एवं किशन गोपाल शर्मा को सम्मानित कर गौरव का अनुभव किया गया।

वन्दे मातरम् का हुआ समूह गान

वन्दे मातरम्-150 के अवसर पर राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का समूह गान किया गया। इसमें आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय पुष्कर मार्ग के आचार्य तखत सिंह के निर्देशन में अक्षरा, तन्वी, कायना, छवि पंवार, भावना, संजना, कोमल एवं छवि खत्री ने सम्पूर्ण राष्ट्र गीत का गायन किया। इसी प्रकार राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक कुमार के निर्देशन में वन्दे मातरम् सहित देश भक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां दी।

पुलिस एवं होमगार्ड की प्लाटून ने की परेड

इस समारोह में परेड कमांडर डॉ. दीपेन्द्र के नेतृत्व में परेड की गई।सीआरपीएफ पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, हाडी रानी महिला प्लाटून का नेतृत्व सुधीर, राजस्थान पुलिस पुरूष प्लाटून का नेतृत्व उप निरीक्षक दिलीप मुक्कड़, राजस्थान पुलिस कालिका प्लाटून का नेतृत्व प्रदीप खोजा, होमगार्ड पुरूष प्लाटून का नेतृत्व पीसी किसान ओजवानी, हिन्दुस्तान स्काउट गाईड का नेतृत्व अन्वी बोयल तथा राष्ट्रीय मिलट्री स्कूल का नेतृत्व सिद्धार्थ सिंह चौहान ने किया।

बैंड वादन से वातावरण देश भक्ति पूर्ण

समारोह में राजस्थान पुलिस के बैंड ने अशोक कुमार थापा के निर्देशन में देशभक्ति पूर्ण धुनें प्रस्तुत की। सोफिया स्कूल का नेतृत्व रिद्वी जादम, सेन्ट पॉल स्कूल का नेतृत्व तन्मय लोगानी, हरी सुन्दर बालिका स्कूल का नेतृत्व कामिनी आचार्य, द्रोपदी देवी स्कूल का नेतृत्व राधिका शर्मा, ऑल सेन्ट स्कूल का नेतृत्व प्रतिभा कंवरिया तथा सेण्ट स्टीफन स्कूल का नेतृत्व प्रमोद कुमार मकवाना ने किया। सेंट स्टीफन स्कूल के द्वारा बैंड ड्रील प्रस्तुत की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांधा

जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा विभाग के द्वारा देश भक्ति एवं पारंपरिक लोक रचनाओं पर समूह नृत्य समुच्च प्रस्तुत किया गया। उनकी प्रस्तुति को भरपूर सरहाना मिली। इसका संयोजन मंगल चन्द संकलेचा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीरशाली द्वारा किया गया था। इसमें सावित्री बालिका विद्यालय, केन्द्रीय बालिका विद्यालय, मॉडल बालिका विद्यालय, ख्वाजा मॉडल, तथा एचकेएच स्कूल के लगभग 160 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने भारत हमको जान से प्यारा है, गूंज रहा हिन्दोस्तान, जय हो तथा विजयी भवः के गीत समुच्च पर शानदार प्रस्तुति दी।

विद्यार्थियों ने किया व्यायाम प्रदर्शन

समारोह के दौरान अजमेर शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने व्यायाम का प्रदर्शन किया। इसका निर्देशन जसवंत सिंह गौड़ ने किया था। इसके माध्यम से उत्तम स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। बालकों ने डम्बल तथा बालिकाओं ने लेजियम के साथ व्यायाम किया।

9 झांकियों ने दिया जागरूकता का संदेश

गणतंत्र दिवस के अवसर पर 9 विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इनमें नगर निगम की झांकी प्रथम, राजीवीका की झांकी द्वितीय और पर्यटन, वन, खेल, उद्यान एवं उद्योग विभाग के पंच गौरव की झांकी तृतीय स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त वन विभाग, जिला परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की झांकियों ने भी जनजागरूकता के संदेश प्रदान किए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वीर गाथा प्रोजेक्ट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले झलक सोनी, माहिया सेन, सुरभि शर्मा तथा प्रियांशी शर्मा को भी सम्मानित किया गया।