कर्नाटक में एक ही परिवार के 8 लोगों की नदी में डूबने से मौत

0

कारवार। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ (कारवार) जिले में, रविवार को तत्ते हक्कलु (वेंकटपुरा) नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के 8 लोगों की नदी की तेज धारा में बहने से डूबकर मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं शामिल हैं, जबकि दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिराली गांव के 14 लोगों का एक समूह सीपियां और शंख इकट्ठा करने के लिए वेंकटपुरा नदी में उतरा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वहां मौजूद लोग पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। इस हादसे में सात महिलाओं सहित कुल 8 लोगों की मौत हो गई। लापता लोगों की तलाश का काम जारी है। वहीं, चार महिलाएं इस हादसे में सुरक्षित बचने में सफल रहीं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों को 50000-50000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।