अलवर। राजस्थान के अलवर शहर में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान में रहने वाला परिवार गुजरात के बड़ौदा में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। परिवार के लौटने पर चोरी की घटना का पता चला।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला एनईबी थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी का है। यहां रहने वाली रेनू शर्मा परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बड़ौदा गई हुई थीं। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया। घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारियों और अन्य सामान को खंगाला तथा करीब छह तोला सोने के आभूषण और 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए।
घर लौटने पर सामने आई चोरी की वारदात
परिवार को चोरी की जानकारी शनिवार सुबह उस समय मिली, जब वे गुजरात से वापस घर पहुंचे। मकान के भीतर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी होने का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एनईबी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



