48 सदस्यीय दल के साथ आए थे 11वीं-12वीं के छात्र, तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं लगने से हुआ हादसा
रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पुणे जिले के आलंदी से पिकनिक मनाने आए एक निजी कोचिंग संस्थान के आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बरामद कर लिए गए।
पुलिस के मुताबिक आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान का 48 सदस्यीय दल दिवेआगर घूमने आया था। दल में 25 छात्र, 17 छात्राएं और छह शिक्षक शामिल थे। छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। पिकनिक के दौरान कुछ छात्र समुद्र में नहाने के लिए उतर गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पानी की गहराई और समुद्री बहाव का सही अंदाजा नहीं लगने के कारण आठ छात्र गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
हादसे का पता चलते ही समुद्र तट पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी आठ छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शवों को आगे की चिकित्सकीय और कानूनी कार्रवाई के लिए बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
मृत छात्रों की पहचान हुई
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की पहचान तनमय दत्तात्रय वाहिले, सुमित भारत अहिरे, प्रणव रामदास बनसोडे, कैवल्य सतीश वासंकर, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भंडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर दिघी सागरी-बोर्ली पंचतन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में समुद्र की गहराई और बहाव का अनुमान नहीं लगा पाना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है, हालांकि घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
दिवेआगर रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तालुका में स्थित महाराष्ट्र का प्रमुख समुद्री पर्यटन स्थल है। यह पुणे से करीब 157 किलोमीटर दूर है और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। एक साथ आठ छात्रों की मौत से पिकनिक की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे की खबर आलंदी पहुंचने के बाद मृत छात्रों के परिवारों और परिचितों में शोक की लहर है।



