जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों और उनके ममेरे भाई की मौत हो गई। चारों बच्चों की असमय मौत की खबर से गांव में शोक की लहर फैल गई। दीपावली की छुट्टियां मनाने ननिहाल आए बच्चों के साथ हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिपला निवासी नारायणराम भील की तीन बेटियां मोरू (16), धीया (14) और माया (12) दीपावली की छुट्टियां बिताने अपने ननिहाल रूपसी गांव आई हुई थीं। शुक्रवार शाम तीनों बहनें अपने मामा अमृताराम भील के घर से खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास खेलते समय एक बच्ची का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी से भरी डिग्गी में जा गिरी।
बच्ची को पानी में गिरता देखकर अन्य बच्चे उसे बचाने के लिए डिग्गी की ओर बढ़े। इस दौरान वे भी गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों बच्चे डूब गए। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा बच्चों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। चार बच्चों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
तीनों बहनें त्योहार की छुट्टियां मनाने ननिहाल आई थीं। परिवार को उम्मीद थी कि बच्चे कुछ दिन साथ रहकर खुशियां बांटेंगे, लेकिन खेत की पानी की डिग्गी में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। एक साथ चार बच्चों की मौत से रूपसी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।



