विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में पिघला हुआ स्टील गिरने से 8 श्रमिकों की मौत, 9 घायल

0

विशाखापत्तनम। राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड यहां स्थित संयंत्र में सोमवार शाम हुए एक भीषण औद्योगिक हादसे में आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने आठ श्रमिकों की मौत की पुष्टि की है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्ट शॉप (एसएमएस-2) और उससे जुड़े हिस्सों में उस समय हुआ, जब बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील फैल गया। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार करीब 1500 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ स्टील ले जा रही गर्म धातु की बाल्टी (लेडल) अचानक टूटकर गिर गई, जिससे पिघला हुआ धातु नीचे काम कर रहे श्रमिकों पर फैल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घबराए हुए श्रमिक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में दमकल वाहन संयंत्र में पहुंचे। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पिघला हुआ लोहा पूरे क्षेत्र में फैल जाने से इस्पात संयंत्र में अफरा-तफरी और अराजकता का माहौल बन गया।

एक अधिकारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही मृतकों और घायलों की सही संख्या का पता चल सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्टील प्लांट पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।