दिल्ली के विवेक विहार में 4 मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की मौत

0

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में शाहदरा के विवेक विहार क्षेत्र में चार मंजिला इमारत में रविवार तड़के लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए।

पुलिस सूत्रों ने इस घटना में पुष्टि करते हुए कहा कि विवेक विहार पुलिस स्टेशन में रविवार सुबह लगभग 3:48 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी बी-13, विवेक विहार फेज-I स्थित घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार आग ने दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। राहत-बचाव और आग बुझाने के अभियानों के दौरान, लगभग 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मामूली रूप से घायल दो लोगों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है।

घटनास्थल पर कुल 12 दमकल गाड़ियां, डीडीएमए के कर्मचारी, यातायात अधिकारी और स्थानीय पुलिस तैनात की गई। प्रारंभिक जांच में नौ लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। मामले की जांच जारी है।