पंजाब के होशियारपुर में मिनी बस और कार भिडंत में 9 की मौत

होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर जिले के तलवाड़ा-दसूहा मार्ग स्थित गांव संघरां के पास सोमवार सुबह हाजीपुर से दसूहा जा रही एक निजी मिनी बस और कार के बीच हुई टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 32 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दसूहा सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ मनमोहन सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान राजू बाला (5) और मीना (30) दोनों निवासी बुड्ढाबड़ घाटी नारी, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के लव कुमार (50), हलेर के गुरमीत राम (65), जलाल चक की सतविंदर कौर (55), दसुया की बलबीर कौर (60), नविया बागरिया भैणी मियां खान, गुरदासपुर के संजीव कुमार (30) और सहोरा की सुबाग रानी (55) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 50 वर्षीय एक मृत व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

डॉ. सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों में से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, शेष घायलों की हालत स्थिर है।