बड़वानी में नवविवाहिता ने स्कूल भवन में आग लगाकर की सुसाइड

117

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के खेतिया थाना क्षेत्र के जाहूर स्थित एक शासकीय विद्यालय के भवन में नवविवाहिता ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली।

खेतिया थाने के विवेचना अधिकारी कमल चौहान ने बताया कि 22 वर्षीय दुर्गेश्वरी ठाकुर ने जाहूर स्थित शासकीय भवन (ईजीएस शाला) में कल शाम स्वयं को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह गर्भवती भी थी।

उन्होंने बताया कि उसका परिवार करीब 15 वर्ष से स्कूल भवन के एक कमरे में ही अवैध रूप से निवासरत था। उन्होंने मृतिका के मायके पक्ष द्वारा हत्या किए जाने के आरोप पर कहा कि फिलहाल घटना आत्महत्या की ही प्रतीत हो रही है।

राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रोहित अलावा ने बताया कि महिला का पति कुछ काम नहीं करता है और इसको लेकर पूर्व में भी विवाद हुआ था और उसने पहले भी कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम की विभिन्न कोणों से जांच की जा रही है।