पुणे। महाराष्ट्र में पुणे जिले के जेजुरी-मोरगांव रोड पर एक तेज रफ्तार कार की खड़े पिकअप ट्रक में टक्कर में दो बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार रात हुई जब एक तेज रफ्तार कार जेजुरी-मोरगांव मार्ग पर एक खड़े एक टेंपो से टकरा गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए जिनमें चार की हालत गंभीर है।
इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि महाराष्ट्र के पुणे में जेजुरी-मोरगांव मार्ग पर सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पीएमओ ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो -दो लाख रुपए और घायलों को 50- 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार जेजुरी-मोरगांव मार्ग पर किर्लोस्कर कंपनी के पास श्रीराम ढाबा के पास एक पिकअप टेम्पो रुका था। टेम्पो से दो लोग सामान उतार रहे थे। उसी समय पुणे से मोरगांव जा रही एक तेज रफ्तार कार ने टेम्पो को टक्कर मार दी जिससे दो बच्चों और एक महिला सहित नौ लोगों की मौत हो गई।
ढाबा संचालक और कर्मचारियों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।