भदोही में 8 साल की बच्ची से रेप, मरणासन्न हालत में मिली

भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र में दादी के साथ सोई हुई मासूम को दरिंदे ने निर्जन स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में एक आठ वर्षीय बालिका अपनी दादी के साथ घर के बरामदे में सोई थी। जिसे एक दरिंदा बिस्तर से उठाकर सुनसान स्थान ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पाक्सो सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। ‌

बताया जाता है कि क्षेत्र के गांव की एक मासूम जो कक्षा 2 में पढ़ती थी। गुरुवार की रात में वह अपनी दादी मां के साथ घर के बरामदे में चारपाई पर सोई थी। अर्ध रात्रि में दरिंदा उसे कब उठा कर ले गया, किसी को पता नहीं चला।

रात में लगभग 1 बजे दादी की आंख खुली तो देखा कि नातिन चारपाई पर नहीं है। सोचा कि कहीं बाथरूम में गई होगी, जब काफी देर तक नहीं लौटी तो उसने परिजनों को अवगत कराया। परिजन भी डेरा के चारों तरफ खोजबीन करने लगे मगर कहीं पता नहीं चला।

भोर में कतिपय लोगों से पता चला कि वरुणा नदी के किनारे एक कम उम्र की लड़की मरणासन्न पड़ी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां ले आई। मासूम का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।