धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे धार लाकर करीब आठ दिन तक एक कमरे में रखता रहा और इस दौरान उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी के संपर्क तोड़ने से परेशान होकर युवती ने अमझेरा तालाब में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह करीब दो वर्ष से निलेश डावर निवासी उमरिया बड़ा, थाना नौगांव, जिला धार को जानती थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत के बाद प्रेम संबंध हो गए थे। इसी बीच युवती की सगाई आकाश निवासी मोगजीपाड़ा से तय हो गई थी और दो अप्रैल 2026 को उसकी शादी होना प्रस्तावित थी। इसकी जानकारी मिलने पर निलेश ने युवती से आकाश से शादी नहीं करने और उससे शादी करने का वादा किया।
पीड़िता के अनुसार 24 मार्च को वह अपने पिता के साथ राजगढ़ में शादी के कपड़े खरीदने गई थी। इसकी जानकारी उसने निलेश को दी थी। निलेश के कहने पर उसका दोस्त बलराम बाइक लेकर मस्जिद वाली गली में पहुंचा और युवती को अपने साथ धार ले गया। वहां निलेश उसे एक परिचित के कमरे में ले गया, जहां वह करीब आठ दिन रही।
आरोप है कि इस दौरान निलेश ने युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह परिवार को शक न होने का हवाला देकर कभी-कभार आने लगा। पीड़िता के अनुसार उसका दोस्त गोपाल भी वहां आता था और उसे पूरे मामले की जानकारी थी।
कुछ समय बाद निलेश ने युवती से मिलना बंद कर दिया और उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया। करीब दो महीने तक संपर्क नहीं होने से परेशान युवती 26 अगस्त को धार से बस से अमझेरा पहुंची और निलेश से मिलने का प्रयास किया। उसके नहीं मिलने पर वह अमझेरा तालाब की पाल पर पहुंची और मानसिक रूप से परेशान होकर पानी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
अमझेरा पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर जीरो पर प्रकरण दर्ज कर मामला राजगढ़ थाने को भेज दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। राजगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोगी आकाश और गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी निलेश की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि युवती को आरोपी का दोस्त अपने साथ लेकर गया था और परिचित के घर पर उसका शोषण हुआ। प्रकरण दर्ज कर दो सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।



