चंडीगढ़/जींद। हरियाणा के जींद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता शिव कुमार शर्मा के पुत्र विकास शर्मा की गुरुवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने तेज धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबकि हमलावर दो वाहनों में सवार होकर आए और घर लौट रहे विकास को रास्ते में रोककर उनके दिल में चाकू घोंप दिया। जींद में एक निजी अस्पताल चलाने वाले विकास की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।उनके पिता और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शर्मा की शिकायत के आधार पर एक प्रतिद्वंद्वी अस्पताल मालिक और उसके रिश्तेदार सहित आठ संदिग्धों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि मरीजों को लेकर हुए विवाद ने एक भयावह साजिश को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि विकास को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और बाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
विकास की शादी को सिर्फ़ 18 महीने हुए थे। उनकी एक पांच महीने की बेटी है। उनके परिवार ने पुलिस को दोषियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और न्याय में देरी होने पर सड़कें जाम करने की धमकी दी है।
इस हत्याकांड से राजनीतिक आक्रोश फैल गया है, सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने अस्पताल जाकर पुलिस पर तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बनाया है। शर्मा ने राज्य की कानून-व्यवस्था की आलोचना की और आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब एक भाजपा नेता के बेटे की इतनी बेरहमी से हत्या की जा सकती है तो आम जनता को क्या हाल होगा।
निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में जींद शहर पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इस निर्मम हत्या की जाँच जारी है।