अजमेर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन से पुलिस जवानों की भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। कलक्टर लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ एवं डॉ. दीपक भी मौजूद रहे।
रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर बस स्टेशन, कचहरी रोड़, गांधी भवन, महावीर सर्किल, बजरंगगढ़ चौराहा, पुरानी चौपाटी, वैशाली नगर होते हुए नई चौपाटी पहुंची। वहां नगर निगम द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता मेला में शामिल हुई।
रास्ते भर पुलिस जवानों के उत्साह और उमंग ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। भारत माता की जय और वन्दे मातरम् के गगनभेदी नारों के बीच तिरंगे से सजी बाइकों का काफिला जैसे-जैसे शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा, नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर जवानों का भव्य स्वागत किया।
स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा हाथ में लेकर रैली में शामिल जवानों का अभिनंदन किया और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली ने हर घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कलेक्ट्रेट परिसर में लगाई प्रदर्शनी
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में स्वाधीनता आंदोलन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विरासत के रूप में संजोए गए स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, उनके जीवन से जुड़े लेख, उस दौर की घटनाओं का विवरण और भारत की आज़ादी से जुड़े साक्ष्य प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में रखी गई तस्वीरें उस समय की ऐतिहासिक गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रही थीं। इसके साथ ही एनसीसी द्वारा आईएनएस युद्ध प्रशिक्षण पोत का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया। इसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए कैनवास पर हस्ताक्षर कर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
नगर निगम ने निकाली तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान 2025 के अंतर्गत नगर निगम की ओर से आनासागर रीजनल चौपाटी पर एसएचजी की महिलाओं ने प्रर्दशनी, तिरंगा मेला, तिरंगा रैली एवं लाईव म्यूजिक कन्सर्ट आदि का आयोजन किए। नगर निगम द्वारा अभियान के दौरान किए गए कार्यों की प्रदर्शनी, रंगोली, कर्मचारियों द्वारा लाइव कंसर्ट, घूमर एवं चरी नृत्य, स्वच्छता गीत आदि प्रस्तुत किए गए। इनमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही नगर निगम अजमेर के दोनों भवनों एवं मेला स्थल पर स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। तिरंगा रैली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में ली शपथ
बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय शास्त्री नगर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर हर घर पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया गया। उपनिदेशक डॉ आलोक खरे ने पशु-चिकित्सालय में पदस्थापित सभी पशु-चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को सामूहिक शपथ दिलाई कि भारत के नागरिक होने के नाते हर घर पर तिरंगा फहराएंगे और स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों की भावना का सम्मान करेंगे। साथ ही भारत की प्रगति एवं विकास के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे।