मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर में तिरंगा यात्रा में की शिरकत

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को जोधपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

भाजपा की ओर से गांधी मैदान से जालोरी गेट सर्किल तक आयोजित यह तिरंगा यात्रा उत्साह और उमंग के साथ प्रमुख मार्गों से होती हुई शहर के विभिन्न स्थानों पर रुकी जहां लोगों ने भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल को गूंजा दिया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और दिव्यांगों ने भाग लिया। देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत और हाथों में तिरंगा लहराते हुए ये सभी उन मां भारती के सपूतों को नमन कर रहे थे जिन्होंने देश की आज़ादी और सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि यह हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें एकता, साहस और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने आमजन से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल एवं उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई, सांसद राजेंद्र गहलोत एवं पीपी चौधरी, विधायक अतुल भंसाली एवं अर्जुनलाल गर्ग, नगर निगम जोधपुर दक्षिण महापौर वनिता सेठ तथा कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

भजनलाल ने जोधपुर में एट होम में की शिरकत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में 79वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जोधपुर में एट होम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेहरानगढ़ किले में आयोजित इस कार्यक्रम में शर्मा ने 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर थीम पर आधारित ड्रोन शो का अवलोकन किया। मेहरानगढ़ दुर्ग से इस शो में लगभग 550 ड्रोन ने आसमान में भारतीय सेना की शौर्य गाथा का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस अद्वितीय दृश्य को शहर के प्रमुख स्थलों पर स्पीकर और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आमजन के लिए भी प्रसारित किया गया, जिसका साक्षी पूरा जोधपुर बना।

कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक देवेंद्र जोशी, श्रीबाबू सिंह राठौड़, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, उच्चाधिकारी, गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।