झारखंड के दुमका में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म

दुमका। झारखंड में दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में आदिम जनजाति पहाड़ियां समुदाय की एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने घटना की पुष्टि की है। यह घटना सोमवार को आधी रात के समय करीब 12 से 1 बज़े के बीच घटित हुई थी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकुड़ जिला के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र निवासी आदिम जनजाति समुदाय का एक युवक जो कोयला ढोने वाले एक हाईवा में उपचालक (खलासी) का काम करता है, पीड़िता नाबालिग किशोरी का दोस्त था। बीते 25 अगस्त की रात में भी वह युवक खदान से कोयला लेकर दुमका की ओर जा रहा था। रास्ते में हाइवा के चालक ने काठीकुंड थाना क्षेत्र के एक लाइन होटल में अपने वाहन को रोका और खाना खाया।

इसी बीच उपचालक (खलासी) अजय देहरी ने अपने हाइवा चालक से कहा कि आप दुमका में कोयला अनलोड कर वापस आइए, उसके बाद मैं यहीं से आपके साथ चलूंगा। हाईवा के जाने के बाद अजय देहरी लाइन होटल से कुछ दूर रहने वाली नाबालिग पीड़िता को फोन कर मिलने के लिए बुलाया।

पीड़िता उससे मिलने पहुंची तो आधी रात हो चुकी थी। दोनों बातचीत करते हुए जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में पांच लड़के वहां आ गए और कहा कि तुम दोनों इतनी रात में क्या कर रहे हो? यह कहकर उक्त पांचों आरोपियों ने अजय देहरी की पिटाई कर उसे भगा दिया। उसके बाद पांचों लड़कों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

इसी क्रम में गश्ती पर निकली काठीकुंड थाना की पुलिस को घटना की सूचना मिली। इस सूचना पर गश्ती दल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता को काठीकुंड थाना ले आई और त्वरित कार्रवाई कर पांचों आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को काठीकुंड थाना में बीएनएस की धारा 70(2) और 6 पोक्सो एक्ट के तहत संख्या 41/ 2025 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।