वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को काशी में विभिन्न आयोजनों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया। कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से कचहरी चौराहे तक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, अशोक कुमार एडवोकेट और अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि आज काशी में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसके साथ ही वृद्धाश्रम और अनाथालयों में फल वितरण भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर काशी में विभिन्न स्थानों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार वाराणसी से नामांकन किया था, तब उनके प्रस्तावक रहे सुभाष चंद्र गुप्त ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि जैसे भगवान विश्वकर्मा ने विश्व का निर्माण किया, वैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधुनिक भारत को संवारा, सजाया और विकास के पथ पर अग्रसर किया। जल्द ही भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बटुकों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक, पूजन-अर्चन और आरती की। वेदपाठी बटुकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शंखनाद किया। डॉ. तिवारी ने कहा कि मां गंगा ने उन्हें (प्रधानमंत्री को) बुलाया था। उनके आशीर्वाद से प्रधानमंत्री जी ने काशी सहित पूरे भारत की तस्वीर बदल दी।
प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम में मोदी के जन्म दिन पर हवन अनुष्ठान
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर संगम नगरी प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम में हवन अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी शांडिल्य जी महाराज ने मोदी के जन्मदिन पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन अनुष्ठान किया है। वैदिक ब्राह्मणों ने हवन कुंड में आहूतियां डालकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की है।
मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बने, इसके लिए उन्हें ईश्वर शक्ति प्रदान करें ऐसी कामना वैदिक ब्राह्मणों ने की है। मोदी विश्व का नेतृत्व करें और सभी राक्षसी प्रवृत्तियों का नाश करें ऐसी भी प्रार्थना की गई है। प्रधानमंत्री अपने तीसरे कार्यकाल को सफलता पूर्वक पूरा करें। इसके बाद एक बार फिर से मोदी देश का नेतृत्व करें ऐसी कामना भी की गई है।