लाडली घर में दृष्टिबाधित बालिकाओं के बीच केक काटकर मनाया जन्मदिन

0

दिगम्बर जैन महासमिति महिला एवं युवामहिला संभाग की सर्वोदय इकाई ने सेवा कार्य के साथ मनाया खुशियों का अवसर, बालिकाओं को कराया भोजन
अजमेर। जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटकर मनाने की पहल के तहत श्री दिगम्बर जैन महासमिति महिला एवं युवामहिला संभाग अजमेर की सर्वोदय इकाई ने लाडली घर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वहां रहने वाली दृष्टिबाधित बालिकाओं को एक समय का भोजन कराया गया। साथ ही समिति की शिरोमणि संरक्षक रोशनी सोगानी ने बालिकाओं के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया।

महिला संभाग की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि यह सेवा गतिविधि सर्वोदय इकाई की सदस्य मंजु छाबड़ा के सहयोग से आयोजित की गई। कार्यक्रम में बालिकाओं के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं और उन्हें भोजन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों के साथ जरूरतमंदों के बीच आत्मीयता और अपनत्व का भाव बढ़ाना रहा।

माला और साफा पहनाकर किया सम्मान

इस अवसर पर समिति पदाधिकारी सुषमा पाटनी और डॉ. वीना पाटोदी ने माला एवं साफा पहनाकर रोशनी सोगानी का सम्मान किया। मधु पाटनी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को जरूरतमंदों के साथ मनाना और सेवा कार्यों से जोड़ना समाज में सकारात्मक संदेश देता है। इससे दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने तथा सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में मंजु छाबड़ा, निलेश छाबड़ा, मधु पाटनी, सुषमा पाटनी, डॉ. वीना पाटोदी और गुणमाला गंगवाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बालिकाओं के साथ समय बिताकर आयोजन को आत्मीय बनाया।