पीएम के जन्मदिन पर मंत्री की विधानसभा में नहीं जुटे सांसद के जन्मदिन जितने रक्तदाता 

सिरोही चिकित्सालय में स्वस्थ नारी समृद्ध परिवार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाइव सुनते हुए फोटो सेशन करवाते सांसद लुंबाराम और मंत्री ओटाराम देवासी। इसी परिसर में सेवा पखवाड़े के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान अभियान भी था।

परीक्षित मिश्रा 

सबगुरु न्यूज-सिरोही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन था बुधवार को। भाजपा ने इस दिन से सेवा पखवाडा शुरू किया जो महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। इस सेवा पखवाडे के पहले दिन सिरोही के राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में रक्तदान अभियान रखा। राजस्थान के पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की विधानसभा के शहरी क्षेत्र में हुए इस रक्तदान अभियान में सांसद के पिछले जन्मदिन पर इसी जगह पर हुए रक्तदान के दस प्रतिशत लोग भी नहीं जुट पाए।

सोशल मीडिया के हर प्लेटफाॅर्म पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार रात 12 बजे बाद से ही जन्मदिन की शुभकामना भेजने वाले कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता थे। नगर परिषद चुनावों और पंचायत समिति चुनावों में टिकिटों और सभापति, प्रधान व जिला प्रमुख के पदों के आकांक्षी भी कई लोग सक्रिय हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश प्रधानमंत्री के प्रति स्नेह और सम्मान दिखाने के लिए एक बूंद खून दान देने को आगे नहीं आए। सांसद तो फिर भी एक बार कैंप की तरफ शुरू में गए भी। लेकिन ओटाराम देवासी ने तो कैंप की व्यवस्थाओं को देखने जाने तक की तकलीफ नहीं की।

जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी के इंस्टाग्राम एकाउंट पर 16 सितंबर 2024 को उनके जन्मदिन 180 यूनिट रक्तदान करने पर दिया गया धन्यवाद संदेश।

-सांसद के जन्मदिन पर हुआ था 180 यूनिट रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के दिन ही सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म के एल्गोरिदम में एक साल पहले हुई घटनाओं के रिमाइंडर आए। इसमें 16 सितम्बर 2024 को इसी चिकित्सालय में सांसद के जन्मदिन के लिए हुए रक्तदान की सांसद द्वारा की गई पोस्ट सामने आ गई। इसमें सांसद लुम्बाराम चैधरी ने लिखा हुआ है कि उनके जन्मदिन पर 180 यूनिट रक्तदान किया गया। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान के लिए पंचायत राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुम्बाराम चौधरी 18 भाजपाई नहीं जुटा पाए। जबकि ये दोनों ही नेता यहां पर उपस्थित थे। विपक्ष इनकी अनुपस्थिति में सिरोही लोकसभा और विधानसभा में लाइजनिंग देखने का आरोप इनके पुत्रों पर लगाता रहता हैं। लेकिन, रक्तदान के लिए रक्तदाता नहीं जुटने की जानकारी जुटाकर दोनों ही नेता खुद तो क्या अपने पुत्रों को भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने को आगे नहीं ला सके।

– पदाधिकारियों की भीड

ओटाराम देवासी की विधानसभा के जिस इलाके में ये रक्तदान शिविर आयोजित हुआ था वो जिले का मुख्यालय है। इस विधानसभा मे नौ मंडल पडते हैं। जो जानकारी आई है उसके अनुसार इस विधानसभा के अन्य मंडलों में दूसरे सेवा कार्य हुए लेकिन, रक्तदान नहीं। इन नौ मंडलों में 540 तो सिर्फ कार्यकारिणी सदस्य ही हैं। अकेले सिरोही नगर में 60 सदस्य और जिला कार्यकारिणी के करीब दो दर्जन वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी, जिला प्रमुख, प्रधान, पूर्व सभापति, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, पार्षद, और पैंतालिस वार्डों के पार्षद प्रत्याशी और भावी दावेदारों की फौज है।

ये रक्तदान अभियान चिकित्सालय के जनाना वार्ड परिसर में ही हुआ था। इसी परिसर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत के दौरान जिले और नगर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उमडे थे। इसमे ंप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाइव थे। उन्हें लाइव देखकर भी उनके चेहरे के नाम पर मंत्री और सांसद पदाधिकारियों को इसी परिसर में चल रहे रक्तदान अभियान में जाने को प्रोत्साहित नहीं कर पाए।

सिरोही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान अभियान स्थल पर लगाया गया बैनर।

-आरएसएस का भी किया सहयोग!

सिरोही चिकित्सालय में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जो रक्तदान अभियान हुआ था उसका बैनर भी लगा था। इस बैनर के अनुसार ये अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ युवक परिषद उदयपुर, भाजपा सिरोही नगर मंडल कार्यालय और एक स्थानीय रीयल एस्टेट कम्पनी का संयुक्त तत्वावधान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व निजी महाविद्यालय का सहयोग तथा उदयपुर के निजी मेडीकल काॅलेज को प्रायोजक बताया गया हैं।

इस बैनर पर लिखा था विश्व का सबसे बडे रक्तदान अभियान। लेकिन, कथित रूप से विश्व के सबसे बडे नेता के जन्मदिन पर विश्व की सबसे बडी पार्टी के कुल कार्यकर्ताओं का एक करोडवां हिस्से जितने कार्यकर्ता भी रक्तदान करने नहीं पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर जिस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को विश्व का सबसे बडे एनजीओ होने के कसीदे पढे थे, अगर उसी एनजीओ के द्वारा संचालित प्रकल्पों के सक्रिय कार्यकर्ता ही एक एनजीओ के रूप में इसमें शामिल हो जाते तो एक रेकर्ड कायम हो जाता।

सूत्रों के अनुसार यहां जो रजिस्टर संधारित किया गया था उसके अनुसार 13 लोगो ने रक्तदान किया। जबकि पार्टी अपने सदस्यों की संख्या 20 करोड बताती है। रक्तदाताओं में जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, महामंत्री गणपतसिंह, उपाध्यक्ष नारायण देवासी, नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, प्रवीण बाघेला, अशोक कंसारा, राजेन्द्रसिंह चैहान, कल्पेश सोनी, पीयूष गोयल, शंकरलाल, रमेश चैहान, पृथ्वीसिंह देवडा, दीपक सिंह के नाम शामिल हैं। वैसे यहां पर बीस यूनिट रक्तदान दिखलाया गया है। लेकिन, जो शेष सात लोग थे वो वो लोग हैं जो जिले के एकमात्र सरकारी रक्तबैंक में अपने रिश्ते नातेदारों के लिए रक्त लेने की एवज में रिप्लेसमेंट के लिए रक्तदान करते हैं।