रीजेंट पार्क गैंगरेप मामले में 13 दिन बाद दूसरा संदिग्ध अरेस्ट

कोलकाता। दक्षिणी कोलकाता के रीजेंट पार्क सामूहिक बलात्कार मामले के दूसरे आरोपी देबांग्शु बिस्वास को अपराध के 13 दिन बाद पुलिस ने एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना मिलने पर कल रात शहर के देशप्रिय पार्क से देबांग्शु बिस्वास उर्फ दीप को गिरफ्तार कर लिया। वह पांच सितंबर को रीजेंट पार्क में हुई घटना के बाद से फरार था, जहां एक 20 वर्षीय लड़की के साथ उसके जन्मदिन पर उसके दो परिचितों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया था।

लड़की काे बिस्वास और एक अन्य व्यक्ति चंदन मलिक ने रीजेंट कॉलोनी इलाके में स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। लडकी को जन्मदिन समारोह के बहाने फ्लैट में बुलाया गया था। मुख्य आरोपी चंदन मलिक को 10 सितंबर को भागते समय बर्धमान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।

पीड़िता ने इन दोनों के खिलाफ हरिदेवपुर पुलिस स्टेशन में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दूसरे आरोपी को शहर की एक अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस पूछताछ के लिए उसकी हिरासत की मांग करेगी।