मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा

नई दिल्ली। मलयालम फिल्मों के जाने- माने अभिनेता मोहनलाल को भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को मोहनलाल को यह पुरस्कार दिए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि अभिनेता को यह सम्मान मंगलवार को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफ़ारिश पर भारत सरकार को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि मोहनलाल को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2023 प्रदान किया जाएगा।

पोस्ट में कहा गया है कि मोहनलाल की उल्लेखनीय सिनेमा यात्रा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती है! इस महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता को भारतीय सिनेमा में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है। उनकी बेजोड़ एवं बहुमुखी प्रतिभा और अथक परिश्रम ने भारतीय फ़िल्म इतिहास में एक स्वर्णिम मानक स्थापित किया है।