नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को लद्दाख में जेन-जेड (युवा ताकत) के नाम से विरोध प्रदर्शन दिखाने की कोशिश को कांग्रेस प्रायोजित बताते हुए उस पर हमला बोला।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने कहा कि मामले की जांच से पता चला की यह जेन-डेज नहीं कांग्रेस का ही विरोध प्रदर्शन था। इस विरोध प्रदर्शन में हिंसा की जो फुटेज सामने आई है, उसमें अपर लेह वार्ड से कांग्रेस के पार्षद स्टैनजिंग त्सेपांग दिखाई दे रहे हैं जो इस हिंसा में शामिल लोगों का नेतृत्व कर रहे हैं। यही इस हिंसात्मक प्रदर्शन के मुख्य साजिशकर्ता हैं जो अपने कार्यकर्ताओं द्वारा हिंसा भड़काने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद स्टैनजिंग त्सेपांग और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा हिंसा भड़काने की कई तस्वीरें सामने आई हैं। उन्हें हथियार लेकर भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करते हुए भी देखा जा सकता है। वह भीड़ को उकसा रहे हैं और भाजपा कार्यालय को निशाना बना रहे हैं।
डॉ पात्रा ने कहा कि पार्षद त्सेपांग की कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भी तस्वीर है। कांग्रेस पार्टी नापाक मंसूबों के लिए जिम्मेदार है और इसका षड्यंत्र किस प्रकार चलता है, यह स्पष्ट हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह ही कांग्रेस पार्टी की मुख्य लाइन है। यह कोई आज से नहीं है। यह जॉर्ज सोरोस के साथ बैठकर राहुल गांधी का प्लान है कि जनता के माध्यम से हम जीत नहीं सकते, इसलिए देश को तोड़ने का षड्यन्त्र करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो हालात बांग्लादेश में हुए, जो नेपाल में हुए, और जो अभी फिलीपींस में हो रहे हैं, उस प्रकार की परिस्थिति को देश में लाने के लिए बार-बार राहुल गांधी युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के आज के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी क्या चाहती है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि भारतवर्ष है, हजारों वर्षों की सभ्यता है। यहां के लोगों में सोचने-समझने की क्षमता है कि क्या अच्छा है और क्या बुरा है। भारत के नागरिक जानते हैं कि उनकी सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके कल्याण के लिए लिए क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप देश को तोड़ने की कोशिश करेंगे, तो देश जानता है कि कैसे जवाब देना है। जनता कांग्रेस को माकूल जवाब देगी।