जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में धनतेरस के अवसर पर दीपोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रोशनी और दीपों से सजे कार्यालय परिसर में पूजा-अर्चना, आतिशबाजी और मिठाइयों के आदान-प्रदान के बीच पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यालय के प्रवेश द्वार पर स्थापित भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद राठौड़ ने संगठन महामंत्री अजेय कुमार तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ कार्यालय परिसर की सजावट और रोशनी का अवलोकन किया। सभी ने आतिशबाजी कर उत्सव का आनंद लिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश के अन्य पदाधिकारी बगड़िया भवन पहुंचे, जहां उन्होंने मिट्टी के दीये और स्थानीय उत्पाद खरीदे। इस पहल के जरिए पार्टी नेताओं ने दीपावली पर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्थानीय दुकानदारों व कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
राठौड़ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकाश, सकारात्मकता, सुख और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि दीपावली प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली लेकर आए। साथ ही उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, विधायक एवं एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गोपीचंद मीणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी और प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में दीपावली के उत्सव के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी अपनाने का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।



