जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डा सुधांशु त्रिवेदी ने
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारतीय राजनीति में सेवा, समर्पण और सुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा है कि उन्होंने गुजरात को एक विकास मॉडल के रूप में स्थापित किया और इसके बाद भारत को वैश्विक मंच पर एक अग्रणी आर्थिक शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित किया है।
डा त्रिवेदी मंगलवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने देश के प्रधानसेवक श्री मोदी को सुशासन के 24 वर्षों की पूर्णता पर शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भारतीय राजनीति में सेवा, समर्पण और सुशासन का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से अब तक उन्होंने लगातार 24 वर्षों तक बिना किसी अवकाश के राष्ट्र की सेवा की है। यह एक अद्वितीय उपलब्धि है जो भारतीय राजनीति के इतिहास में विरले ही देखने को मिलती है।
उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में मोदी ऐसे व्यक्तित्व के धनी है जो लगातार तीन बार मुख्यमंत्री और फिर लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद पर रहकर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित रहे है।
मोदी की नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आर्थिक असमानता के बावजूद सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व, दृष्टिकोण और अथक परिश्रम का परिणाम है। डा त्रिवेदी ने कहा कि मोदी का जीवन एक प्रेरणा है, तन समर्पित, मन समर्पित, और यह जीवन समर्पित। उन्होंने हर क्षण राष्ट्र को अर्पित किया है। यह देशवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है।