जबलपुर में RSS की तीन दिवसीय बैठक में देश के सामाजिक हालात पर चर्चा

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक में देश के सामाजिक हालात पर चर्चा होगी और संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित होने वाले गृह संपर्क अभियान तथा हिंदू सम्मेलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

जबलपुर के कचनार सिटी में मंडल की तीन दिवसीय बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन अर्पित कर किया।

इस बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, मुकुंदा, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, आलोक कुमार और अतुल लिमये सहित अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य, सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और निमंत्रित कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कुल 407 कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

बैठक के प्रारम्भ में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, दिल्ली के वरिष्ठ राजनेता विजय मल्होत्रा, पूर्व राज्यपाल एल. गणेशन, वरिष्ठ वैज्ञानिक कस्तूरीरंगन के साथ-साथ राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े, वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी, गीतकार पीयूष पाण्डेय, फ़िल्म अभिनेता सतीश शाह, पंकज धीर, हास्य अभिनेता असरानी, असम के प्रसिद्ध संगीतज्ञ जुबिन गर्ग सहित पहलगाम में मारे गए हिन्दू पर्यटकों, एयर इंडिया हादसे, हिमाचल प्रदेश, जम्मू- कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब सहित देश के अन्य भागों में प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

देश के विभिन्न भागों में आई प्राकृतिक आपदाओं में समाज के सहयोग से स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की भी जानकारी दी गई। बैठक में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और वंदेमातरम रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर वक्तव्य जारी किए जाएंगे तथा कार्यक्रमों की चर्चा भी होगी।

बैठक में शताब्दी वर्ष में होने वाले गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, सद्भाव बैठक, प्रमुख जन संगोष्ठी की तैयारी पर भी चर्चा होगी। साथ ही विजयादशमी उत्सवों की समीक्षा होगी तथा वर्तमान परिस्थिति पर भी चर्चा होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।