बरेली। उत्तर प्रदेश में बरेली निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी को जिला प्रशासन ने शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया है। दिशा पाटनी के पैतृक आवास पर पिछले दिनों 11 एवं 12 सितंबर को फायरिंग हुई थी। इसके बाद जगदीश पाटनी जिलाधिकारी से मिले थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगदीश पाटनी को सुरक्षा का आश्वासन दिया था। फायरिंग करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सक्रिय हुई और 19 सितंबर पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए थे। बरेली के जिलाधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि जगदीश पाटनी उनसे मिले थे और उन्होंने आवास पर हुए हमले के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस का आग्रह किया था।
उन्होंने बताया जगदीश पाटनी को रिवाल्वर/पिस्टल लाइसेंस सभी औपचारिकताओं बाद स्वीकृत किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि दिशा पाटनी के पिता के आवास पर सुरक्षा बरकरार रहेगी।



