सलमान खान को पहली बार देखकर घबरा गई थीं नायरा बनर्जी, ‘दबंग’ के सेट से जुड़ा है किस्सा

0

मुंबई। अभिनेत्री नायरा एम बनर्जी इन दिनों अपने नए माइक्रोड्रामा शो ‘प्रेमकथा’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में नायरा और करम राजपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसी बीच अभिनेत्री ने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का पुराना किस्सा साझा किया है। नायरा के मुताबिक, सलमान को पहली बार सामने देखकर वह काफी घबरा गई थीं।

नायरा ने बताया कि यह मुलाकात उस समय हुई थी, जब वह अपनी पहली फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और सलमान खान अपनी फिल्म ‘दबंग’ की शूटिंग में व्यस्त थे। सलमान उनकी फिल्म के सेट पर पहुंचे थे। अभिनेत्री के लिए यह मुलाकात खास थी, क्योंकि सलमान उनके पसंदीदा सुपरस्टार रहे हैं।

पहली मुलाकात में नहीं जुटा पाई थीं हिम्मत

नायरा के अनुसार, उस दौर में सलमान खान को सामने देखकर उनके लिए सहज रहना आसान नहीं था। वह सुपरस्टार की लोकप्रियता से इतनी प्रभावित थीं कि पहली मुलाकात में घबरा गईं। हालांकि, यह मुलाकात उनके जेहन में आज भी बनी हुई है। नायरा ने पहले भी बताया था कि सलमान उनके पसंदीदा सुपरस्टार हैं और उनकी पहली मुलाकात कई साल पहले फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। बाद में बिग बॉस 18 के मंच पर सलमान से दोबारा मुलाकात का मौका मिला।

‘प्रेमकथा’ में डॉन की बेटी बनी हैं नायरा

नायरा एम. बनर्जी और करम राजपाल की ‘प्रेमकथा’ गुजरात की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी है। इसमें रोमांस के साथ बदला, अपराध और दो प्रतिद्वंद्वी परिवारों के बीच संघर्ष को प्रमुखता दी गई है।

नायरा शो में सेजल का किरदार निभा रही हैं, जो एक खतरनाक डॉन की बेटी है। उसकी जिंदगी उस समय नया मोड़ लेती है, जब उसे साधारण ट्रक ड्राइवर जय से प्यार हो जाता है। जय का किरदार करम राजपाल ने निभाया है। सेजल और जय की प्रेम कहानी आगे चलकर दुश्मन अपराधी परिवारों के टकराव का कारण बनती है। कहानी में जय की असली पहचान सामने आने के बाद घटनाएं और भी दिलचस्प हो जाती हैं।

भंसाली की फिल्मों वाली सिनेमाई झलक

नायरा ने ‘प्रेमकथा’ के विजुअल ट्रीटमेंट को लेकर भी अपना अनुभव साझा किया है। अभिनेत्री के मुताबिक, शो की मेकिंग में फिल्मकार संजय लीला भंसाली की फिल्मों की भव्यता और भावनात्मक प्रस्तुति से प्रेरणा लेने की कोशिश की गई है।

उन्होंने बताया कि शो में बड़े पर्दे जैसी विजुअल अपील को वर्टिकल फॉर्मेट में उतारने का प्रयास किया गया। शूट किए गए दृश्यों को देखकर उन्हें यह महसूस हुआ कि इस तरह की प्रस्तुति में वह भंसाली की फिल्म में कैसी नजर आ सकती हैं।

‘प्रेमकथा’ में रंगीन गुजराती परिवेश, प्रेम, बदले और अपराध की कहानी को तेज गति वाले माइक्रोड्रामा फॉर्मेट में पेश किया गया है। शो फिलहाल Story TV ऐप पर स्ट्रीम हो रहा है।