देवरों ने भाभी के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया तो भाई ने पत्नी को दिया तलाक

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक महिला के देवर ने कपड़े बदलने की अश्लील वीडियो बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया तो बड़े भाई ने अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया।

यह मामला गांव खजूरहेड़ी थाना नकुड़ क्षेत्र का है। विवाहिता ने थाने में दी तहरीर में अपने दो देवरों इबरार और इसरार पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसे घर में अकेली देखकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और नाजायज संबंध बनाने का प्रयास किया।

विवाहिता ने बताया कि उसके देवर इबरार ने कपड़े बदलते हुए उसकी अश्लील वीडियो बना ली और संबंध बनाने के लिए उस पर दबाव बनाने लगा और कहा कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर देगा।

महिला ने अपने दोनों देवरों की करतूत की जानकारी अपने पति को दी तो उसने अपने भाइयों को कहने के बजाए उसी के साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर बच्चों सहित घर से निकाल दिया।

महिला के पिता रियाज ने आज बताया कि उनकी बेटी रूबा का निकाह 14 जुलाई 2022 को शगनूर पुत्र जमिल निवासी गांव खजूरहेड़ी थाना नकुड़ के साथ हुआ था। उसके ससुराल वालों ने शादी के बाद से ही कम दहेज की शिकायत करते हुए उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट करते थे। उसके दो देवरों ने यह अशोभनीय हरकत की।

पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ नकुड़ अशोक सिसोदिया ने बताया कि वह इस मामले की स्वयं जांच कर रहे हैं और जांच में आए तथ्यों के अनुसार पुलिस कार्रवाई करेगी।