रायसेन : 6 साल की बच्ची से रेप के आरोपी सलमान का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज के ग्राम पांजरा में छह साल की मासूम बच्ची से हुए दुष्कर्म के बाद फरार आरोपी सलमान के दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए है, जिसमें वह घटना के बाद गांव की दुकान से बेखौफ होकर सिगरेट लेता नजर आ रहा है। रायसेन पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों वीडियो गौहरगंज क्षेत्र के ही हैं और इनमें नजर आ रहा शख्स सलमान उर्फ़ नज़र ही है। पुलिस इस सीसीटीवी का परीक्षण कर रही है।

पहला वीडियो 21 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे का है, जिसमें सलमान एक दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ दिख रहा है। इसी दिन शाम 7:30 बजे बच्ची लापता हुई थी और करीब 8:30 बजे जंगल में लहूलुहान हालत में मिली थी। यानी दरिंदगी के सिर्फ तीन घंटे बाद सलमान बेखौफ मार्केट में सिगरेट खरीदता पकड़ा गया।

दूसरे वीडियो में सलमान अलग शर्ट पहने हुए एक ट्रैक्टर ड्राइवर को रास्ता बताते दिखाई देता है। यह फुटेज करीब 11:25 बजे का बताया जा रहा है। यानी वारदात के पांच घंटे बाद भी आरोपी निडर होकर उसी इलाके में घूम रहा था।

बताया जा रहा है कि एक वीडियो घटना के बाद का है, जिसमें वह स्वेटर पहने हुए है। फुटेज में दिख रहा है कि जब गांव वालों ने उसे देखा और उसे देख कर चिल्लाये तो वह जंगल की तरफ भाग निकला। दूसरी तरफ एक फोटो भी सामने आया है, जिसमें वह बैंगनी रंग की शर्ट पहने नजर आ रहा है।

दुष्कर्म का आरोपी सलमान घटना के लगभग छह दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए 20 टीमें बनाई गई हैं, जिनमें अधिकारी और पुलिस के जवान सहित 300 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

बुधवार को इस मामले को लेकर दिन भर प्रदर्शन चला, जिसके बाद से गौहरगंज में भारी पुलिसबल तैनात किया हुआ है। बच्ची के साथ शुक्रवार को दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद से आरोपी फरार है और बच्ची गंभीर स्थिति में भोपाल के एम्स में भर्ती है।

बता दें कि रायसेन में यह घटना 21 नवंबर को पंजारा गांव में उस समय हुई जब बच्ची अपने पड़ोस के एक घर में खेल रही थी। आरोपी सलमान अभी भी फरार है। आरोपी पर 30,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सलमान के पोस्टर भी पूरे शहर में लगाए गए हैं।